आगरा में ग्रीन गैस के नाम पर दो और लोगों से 11.51 लाख की ठगी

आगरा, 14 सितम्बर। शहर में ग्रीन गैस के नाम पर ठगी के दो और मामले सामने आए हैं। साइबर ठगों ने दो लोगों से मीटर अपडेट और सीआरएन नंबर दिखाने के नाम पर 11.51 लाख रुपये ठग लिए। दोनों को एपीके फाइल भेजकर मोबाइल हैक कर खातों से रकम निकाल ली गई।
पहला मामला - शाहगंज: मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, पुष्पनगर निवासी प्रभाकर के पास विगत 11 सितंबर को कॉल आई। ठग ने खुद को ग्रीन गैस कंपनी का कर्मचारी बताया और मीटर अपडेट के नाम पर वाट्सएप पर एपीके फाइल भेजकर ऐप डाउनलोड कराया। इसके बाद बिना सहमति के खाते से 5.37 लाख रुपये निकाल लिए। शाम 5:30 से 6:30 बजे के बीच मैसेज आने पर ठगी का पता चला। पीड़ित ने हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत कर केस दर्ज कराया।
दूसरा मामला - ताजगंज: पुरानी मंडी निवासी अजय कुमार गुप्ता को 10 सितंबर को कॉल आई। सीआरएन नंबर देखने के बहाने एपीके फाइल भेजी गई। डाउनलोड करते ही मोबाइल फोन हैक हो गया और 11 सितंबर को कई बार में 6.14 लाख रुपये निकल गए।
   
डीसीपी साइबर क्राइम आदित्य ने मीडिया को बताया कि किसी भी कंपनी के नाम पर भेजी गई एपीके फाइल डाउनलोड न करें। ग्रीन गैस के नाम पर एक दर्जन से ज्यादा ठगी के केस आ चुके हैं। अनजान लिंक व फाइल से बचें, ठगी पर तुरंत 1930 पर शिकायत करें।
ग्रीन गैस लिमिटेड द्वारा भी अपने ग्राहकों को संदेश भेज कर सूचित किया जा रहा है कि कंपनी कोई भी मीटर रीडिंग/अपडेशन/मीटर डिस्कनेक्शन जैसे कॉल करें या कोई लिंक नहीं भेजता है। इसलिए ऐसे अंजान कॉल/लिंक/एपीके फ़ाइल/पत्र पर विश्वास न करें।
________________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments