जन्माष्टमी पर मिलावटखोरों पर शिकंजा, आगरा में 35 खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए, लैब भेजे
आगरा, 03 सितंबर। जन्माष्टमी पर्व पर मिलावट और अमानक खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग का विशेष अभियान जारी है। टीमों ने शहर से लेकर फतेहाबाद और फतेहपुर सीकरी तक किराना स्टोर, डिपार्टमेंटल स्टोर, सुपर मार्केट, ऑनलाइन ग्रोसरी हब और रेस्टोरेंट पर छापा मारकर कुल 35 नमूने संग्रहित किए। सभी नमूनों को जांच के लिए लैब भेजा जा रहा है।
अभियान में फतेहाबाद के हरेंद्र बाबू किराना स्टोर से बादाम गिरी और सेंधा नमक, जबकि जवारेवा किराना स्टोर से देसी घी और किशमिश के नमूने लिए गए। टीटू किराना स्टोर, इमलाबाड़ा फतेहपुर सीकरी से सरसों के तेल का नमूना लिया गया।
रिलायंस स्मार्ट बाजार, कॉसमॉस मॉल से किशमिश, पास्ता, मेथी दाना, मूंगफली और सरसों का तेल, एयरप्लाजा रिटेल होल्डिंग से साबूदाना-मखाना और रिलायंस रिटेल से स्वीटेंड कंडेंस्ड मिल्क, सेंधा नमक, मूंगफली, साबूदाना के नमूने लिए गए।
बालूगंज में ओम गौतम के प्रतिष्ठान से किशमिश, सिंघाड़ा आटा, साबूदाना और खाटू श्याम प्रोविजन स्टोर से कुट्टू मिगी और मखाना के नमूने संग्रहित किए गए।
ऑनलाइन सप्लाई सेंटरों पर भी कार्रवाई हुई। ZEPTO Pvt. Ltd., नामनेर से बादाम, नमक, खजूर, मखाना के 2 नमूने, घी, कुट्टू का आटा और सूजी समेत 8 नमूने लिए गए। वहीं NTEX Transportation Services Pvt. Ltd. (Big Basket), भोगीपुरा से कुट्टू का आटा, सेंधा नमक, राजगीरा आटा और मखाना के 4 नमूने लिए गए। खाटू वाला डिपार्टमेंटल स्टोर, कमला नगर से साबूदाना और मूंगफली दाना के नमूने लिए गए।
आईजीआरएस पर आई शिकायतों पर बफाती बिरयानी, शिव नगर से बिरयानी और क्वालिटी रेस्टोरेंट, अमर सिंह गेट से अरहर की दाल का नमूना लिया गया।
सहायक आयुक्त खाद्य महेंद्र कुमार ने बताया कि जन्माष्टमी पर कुट्टू का आटा, सिंघाड़ा आटा, साबूदाना, मखाना, सेंधा नमक, राजगीरा, घी, दूध-उत्पाद, सूखे मेवे और तेल जैसे व्रत में इस्तेमाल होने वाले खाद्य पदार्थों की विशेष निगरानी की जा रही है। रिपोर्ट में मिलावट, मिथ्याछाप या अमानकता मिलने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत कड़ी कार्रवाई होगी।
उन्होंने जनता से अपील की है कि सामान केवल लाइसेंस प्राप्त दुकानों से ही लें और पैक्ड सामान पर निर्माण तिथि, एक्सपायरी, बैच नंबर और FSSAI लाइसेंस जरूर देखें।
_________________________________________

Post a Comment
0 Comments