राष्ट्रीय पावरलिफ्टर शिक्षिका ने पति पर लगाया जान से मारने की कोशिश का आरोप, एकता थाने में शिकायत
आगरा, 30 अगस्त। राष्ट्रीय स्तर की पावरलिफ्टिंग खिलाड़ी और शिक्षिका ने अपने पति पर घरेलू हिंसा और जानलेवा हमले का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता ने एकता थाने में शिकायत देकर पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है।
खबरों के अनुसार, पीड़िता वर्तमान में अपने बच्चों के साथ शहीद नगर स्थित अपनी मां के घर रह रही है। उसका आरोप है कि पति शराब के नशे में अक्सर उसके साथ मारपीट करता था। लगातार प्रताड़ना से परेशान होकर वह मायके आ गई, लेकिन पति ने पीछा नहीं छोड़ा।
शिकायत के मुताबिक, पति ने उसे एकता क्षेत्र के एक होटल में बुलाया और एक लाख रुपये की मांग की। रुपये देने से इनकार करने पर पति भड़क गया। आरोप है कि पति ने उस पर चाकू से हमला कर दिया और जलती सिगरेट से जलाने की कोशिश की।
पीड़िता किसी तरह अपनी जान बचाकर वहां से निकली। पीड़िता का कहना है कि खेल और शिक्षा के क्षेत्र में उसने मेहनत से पहचान बनाई है, लेकिन अब वह भय और तनाव में जीने को मजबूर है। उसे अपने और बच्चों की सुरक्षा की चिंता है।
पुलिस ने बताया कि शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है। फिलहाल पति का पक्ष सामने नहीं आया है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
______________________________________

Post a Comment
0 Comments