आगरा में अब सीएम ग्रिड की सड़क भी बार-बार धंसने लगी, 25 बच्चों से भरी स्कूल बस फंसी

आगरा, 11 सितम्बर। बसई मंडी से इंदिरापुरम के बीच सीएम ग्रिड योजना के तहत बन रही सड़क एक बार फिर धंस गई। बुधवार की दोपहर ढाई बजे कृष्णा एवेन्यू सोसाइटी में बच्चों को छोड़ने पहुंची दिल्ली पब्लिक स्कूल की बस के चारों पहिए सड़क में धंस गए। बस में करीब 25 बच्चे सवार थे। लोगों ने बच्चों को बाहर निकाला, बस पलटने से बाल-बाल बची। इससे पहले इसी सड़क पर 15 कारें धंस चुकी हैं।
42.78 करोड़ की लागत से बन रही दो किमी लंबी सड़क में भ्रष्टाचार के आरोप लग रहे हैं। क्षेत्रीय निवासियों का कहना है कि निर्माण के दौरान कोई बैरिकेडिंग नहीं है। कड़ी मशक्कत के बाद बस निकाली गई। उन्होंने आरोप लगाया कि सीवर लाइन में मानक ताक पर रखे गए। 200 मिमी राइडर और 600 मिमी मुख्य लाइन के नीचे 4-6 इंच पीसीसी बेस होना चाहिए था, लेकिन पाइप सीधे मिट्टी में बिछा दिए। ऊपर यमुना रेत की जगह मिट्टी भर दी। एचडी पाइपों के बीच 2-3 इंच गैप और प्रॉपर फिलिंग भी नहीं की गई।
  
तीन माह पहले पहली बारिश में एक किमी सड़क धंसने पर 15 कारें, एंबुलेंस और निगम वाहन फंस गए थे। तब नगर निगम ने पांच लाख का जुर्माना लगाया था। सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम की जांच में खामी पर एक लाख का और जुर्माना लगा। कुल छह लाख जुर्माना लग चुका है। निर्माण ईको ग्रीन, जय बिल्डर्स और डीकेएलसी एंड सप्लायर्स का जॉइंट वेंचर कर रहा है। मंडलायुक्त ने भी नाराजगी जताई थी।
नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य का कहना है कि ड्राइवर जबरन निर्माणाधीन सड़क पर बस ले गया, गार्ड ने मना किया था। स्कूल को पत्र भेजा जा रहा है और अभियंता से जांच कराई जाएगी।
_______________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments