पूर्व प्रधान हत्याकांड में 50 हजार का इनामी गिरफ्तार, गवाही से लौटते समय कर दी गई थी हत्या
आगरा, 11 सितम्बर। पूर्व प्रधान अवनीश यादव की हत्या में वांछित 50 हजार के इनामी रमन सिंह उर्फ अंशु भदौरिया को जैतपुर पुलिस और एसटीएफ ने गुरुवार की रात गिरफ्तार कर लिया। आरोपी मध्य प्रदेश के भिंड का रहने वाला है। उस पर हत्या, चोरी, आर्म्स एक्ट समेत 07 मुकदमे दर्ज हैं।
घटना विगत 03 जून की है। जैतपुर के शाहपुर गुर्जर निवासी उपेंद्र उर्फ मालिक यादव और इंद्रराज यादव के बीच प्रधानी चुनाव की रंजिश चल रही थी। मामला कोर्ट में विचाराधीन है। मालिक अपने बड़े भाई पूर्व प्रधान अवनीश यादव के साथ जैतपुर में रहते थे। तीन जून को दोनों भाई कोर्ट में गवाही देकर रात करीब आठ बजे घर लौट रहे थे।
आगरा-इटावा स्टेट हाईवे पर रमन सिंह और साथियों ने उनकी कार का पीछा किया। प्यारमपुरा गांव के पास ताबड़तोड़ फायरिंग कर स्कॉर्पियो का टायर पंक्चर कर दिया। फिर कार को घेरकर 25 राउंड फायरिंग की। अवनीश यादव की मौके पर मौत हो गई, जबकि भाई मालिक यादव घायल हो गए।
परिजनों ने विपक्षी पर एमपी से शूटर बुलाकर हत्या कराने का आरोप लगाया था। जांच में भिंड के रमन सिंह का नाम सामने आया था। डीसीपी अभिषेक अग्रवाल ने मीडिया को बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और पूछताछ जारी है।
____________________________________

Post a Comment
0 Comments