एयर वाइस मार्शल हरजिंदर सिंह स्मृति व्याख्यान में आगरा के पूर्व सैनिकों ने भी भाग लिया
आगरा/कानपुर, 23 अगस्त। कानपुर के चकेरी स्थित वायु सेना स्टेशन के सारंग सभागार में एयर वाइस मार्शल हरजिंदर सिंह के प्रथम स्मृति व्याख्यान एवं पत्रिका विमोचन समारोह का गरिमामय आयोजन किया गया। समारोह में भारतीय वायुसेना के आधुनिकीकरण, संगठनात्मक सुधार एवं भविष्य की चुनौतियों पर महत्वपूर्ण विचार-विमर्श हुआ।
समारोह को संबोधित करते हुए वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल ए. पी. सिंह ने स्पष्ट किया कि भारतीय वायुसेना थिएटराइजेशन की अवधारणा के विरोध में नहीं है, बल्कि ऐसी किसी भी नई एवं दूरदर्शी पहल के लिए पूरी तरह तैयार है, जिससे वर्तमान व्यवस्था में न्यूनतम व्यवधान उत्पन्न हो और संचालनात्मक क्षमता प्रभावित न हो।
उन्होंने कहा कि मौजूदा प्रणाली में अनावश्यक एवं व्यापक उथल-पुथल के बजाय सुविचारित, क्रमिक और व्यावहारिक सुधार किए जाने चाहिए। भारत को अन्य देशों की व्यवस्थाओं की हूबहू नकल करने के बजाय अपनी भौगोलिक परिस्थितियों, सामरिक आवश्यकताओं और सुरक्षा चुनौतियों के अनुरूप स्वदेशी क्षमता, आत्मनिर्भरता तथा सैन्य शक्ति को और अधिक सुदृढ़ करना चाहिए।
समारोह में एयर फोर्स एसोसिएशन (AFA), आगरा चैप्टर की ओर से सचिव सार्जेंट भूप सिंह धनगर, सार्जेंट डॉ. वीरेंद्र प्रकाश, गवर्निंग काउंसिल के गणेश पाराशर एवं संदीप शर्मा को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया। उनकी उपस्थिति ने समारोह में आगरा के वायुसेना पूर्व सैनिक समुदाय की गरिमापूर्ण सहभागिता को रेखांकित किया।
__________________________________________
Post a Comment
0 Comments