ऑनलाइन पेमेंट को लेकर बवाल, छोले-कुलचे विक्रेता ने ग्राहक पर चाकू से किया हमला

आगरा, 23 अगस्त। थाना सदर क्षेत्र के प्रतापपुरा स्थित चौपाटी में पैसे के लेन-देन को लेकर हुआ मामूली विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि छोले-कुलचे की दुकान पर काम करने वाले दुकानदार ने एक ग्राहक पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में ग्राहक घायल हो गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, विगत सायंकाल एक युवक प्रतापपुरा चौपाटी पर छोले-कुलचे खाने के लिए पहुंचा था। खाना खाने के बाद उसने ऑनलाइन यूपीआई के माध्यम से भुगतान किया। आरोप है कि भुगतान के दौरान ग्राहक की ओर से गलती से तय रकम से अधिक पैसे ट्रांसफर हो गए। ग्राहक ने दुकानदार से अतिरिक्त पैसे वापस करने की बात कही। इसी बात को लेकर दोनों के बीच बहस शुरू हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कहासुनी इतनी बढ़ गई कि दोनों पक्षों में गाली-गलौज और धक्का-मुक्की होने लगी। आरोप है कि इसी दौरान गुस्से में आकर दुकानदार ने दुकान में रखा सब्जी काटने वाला चाकू उठा लिया और ग्राहक पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से चौपाटी पर अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। 
सूचना पर पहुंची सदर थाना पुलिस ने घायल युवक को प्राथमिक उपचार के लिए भेजा और उसकी तहरीर के आधार पर संबंधित दुकानदार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस चौपाटी पर लगे सीसीटीवी और वायरल वीडियो के आधार पर घटना की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है।
गौरतलब है कि प्रतापपुरा चौपाटी शहर की व्यस्त फूड स्ट्रीट में से एक है, जहां रोजाना सैकड़ों लोग खाने-पीने आते हैं। अधिकतर दुकानों पर ऑनलाइन पेमेंट की सुविधा है। नेटवर्क इश्यू या गलत अमाउंट ट्रांसफर होने से इस तरह के विवाद पहले भी सामने आते रहे हैं।
_________________________________________


ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments