साहसिक: दरोगा ने बचा ली जलती कार में फंसे तीन युवकों की जान!

आगरा, 24 अगस्त। थाना एत्मादपुर क्षेत्र में रविवार रात राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर एक पुलिस सबइंस्पेक्टर की बहादुरी ने तीन युवकों की जान बचा ली। भागूपुर पुल पर तेज रफ्तार क्विड कार ओवरटेक करने के प्रयास में अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई और पलट गई। कुछ ही क्षण बाद कार में आग लग गई। कार में सवार तीनों युवक उसके भीतर फंस गए। इसी दौरान कांवड़ ड्यूटी में गश्त कर रहे उपनिरीक्षक अवनीश अग्निहोत्री मौके पर पहुंचे और अपनी जान की परवाह किए बिना आग की लपटों के बीच घुसकर तीनों युवकों को बाहर निकाल लिया।
खबरों के मुताबिक रविवार रात एक क्विड कार में तीन युवक फिरोजाबाद की ओर से आ रहे थे। भागूपुर पुल पर कार सवारों ने आगे निकलने के लिए ओवरटेक करने का प्रयास किया। इसी दौरान कार अनियंत्रित हो गई और तेज रफ्तार में डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार सड़क पर पलट गई। हादसे के तुरंत बाद कार में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने वाहन को अपनी चपेट में लेना शुरू कर दिया। कार के भीतर फंसे युवकों में चीख-पुकार मच गई। हाईवे पर हादसा देखकर राहगीरों में भी अफरा-तफरी मच गई।
कार में फिरोजाबाद के कोटला निवासी जतिन पुत्र परविंदर कुशवाह, पवन पुत्र सुनील और रुद्र पुत्र मनीष पचौरी सवार थे। इसी बीच कांवड़ ड्यूटी के दौरान क्षेत्र में गश्त कर रहे उपनिरीक्षक अवनीश अग्निहोत्री अपने हमराही आरक्षी के साथ वहां पहुंच गए।
मौके की स्थिति बेहद खतरनाक थी। कार धू-धूकर जल रही थी और किसी भी समय आग और तेजी से फैल सकती थी। इसके बावजूद उपनिरीक्षक अवनीश अग्निहोत्री ने बिना समय गंवाए बचाव कार्य शुरू कर दिया। उन्होंने अपनी जान जोखिम में डालते हुए जलती कार के पास पहुंचकर उसमें फंसे तीनों युवकों को बाहर निकालने का प्रयास किया। आग की लपटों के बीच साहस दिखाते हुए उन्होंने एक-एक कर तीनों युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। दरोगा की इस तत्परता से कुछ ही देर में तीनों युवकों की जान बच गई। 
घटना की सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक आलोक कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। तीनों घायल युवकों को उपचार के लिए एसएन मेडिकल कॉलेज भेजा गया। उपचार के बाद तीनों युवकों की हालत खतरे से बाहर बताई गई है।
इधर, सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने जलती कार पर पानी डालकर आग पर काबू पाया। हादसे में कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहन को हाईवे से हटवाया, जिसके बाद यातायात को सामान्य कराया जा सका।
__________________________________________


ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments