नामनेर में 80 फीट गहरे अंधे कुएं में गिरा युवक, फायर ब्रिगेड ने बचाई जिंदगी
आगरा, 24 अगस्त। थाना सदर पुलिस के अंतर्गत नामनेर के निकटवर्ती क्षेत्र में सोमवार की तड़के उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक सुनसान कुएं से किसी के कराहने और बचाओ-बचाओ चिल्लाने की आवाजें आने लगीं। लोगों ने पास जाकर देखा तो करीब 80 फीट गहरे पुराने कुएं में एक व्यक्ति गिरा हुआ था। कई घंटों से वह अंदर ही फंसा हुआ था और जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा था।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, स्थानीय निवासियों का कहना है कि सुबह करीब आठ बजे कुछ लोग कुएं के पास से गुजर रहे थे, तभी उन्हें अंदर से धीमी-धीमी आवाज सुनाई दी। पहले लोगों को लगा कि भ्रम है, लेकिन आवाज लगातार बढ़ती रही। हिम्मत कर जब लोगों ने कुएं में टॉर्च मारकर देखा तो नीचे एक व्यक्ति पड़ा हुआ मदद की गुहार लगा रहा था। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने तुरंत फायर कंट्रोल रूम और को सूचना दी।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। मुख्य अग्निशमन अधिकारी देवेंद्र सिंह भी पहुंच गए। स्थिति बेहद चुनौतीपूर्ण थी। कुआं लगभग 80 फीट गहरा, बेहद सकरा और अंदर घना अंधेरा था। अंदर दम घुटने वाली गैस का भी खतरा था। ऐसे में टीम ने बिना समय गंवाए रेस्क्यू प्लान बनाया। एक जवान ने ब्रीदिंग अपरेटस (बीए सेट) पहना, कमर पर रस्सी बांधी और अपनी जान जोखिम में डालकर कुएं में उतर गया। नीचे पहुंचने पर देखा कि व्यक्ति घायल अवस्था में कीचड़ में पड़ा है और बुरी तरह डरा हुआ है।
ऊपर खड़ी टीम ने तुरंत चेयर नॉट (कुर्सी जैसी गांठ) बनाकर रस्सी के सहारे नीचे भेजी। फायरमैन ने नीचे ही उस व्यक्ति को संभाला, उसे चेयर नॉट पर बैठाकर मजबूती से बांधा और इशारा किया। इसके बाद ऊपर मौजूद 4-5 जवानों ने बड़ी सावधानी से रस्सी खींचना शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद आखिरकार उस व्यक्ति को सकुशल बाहर निकाल लिया गया। बाहर आते ही उसने राहत की सांस ली।
बाहर निकालने के बाद पूछताछ में पता चला कि व्यक्ति शराब के नशे में था। रात के समय वह कुएं के पास से गुजर रहा था, तभी पैर फिसलने से वह सीधे कुएं में जा गिरा। गनीमत यह रही कि कुएं में पानी बहुत कम था, नहीं तो उसकी जान भी जा सकती थी। उसे मामूली चोटें आई हैं। पुलिस ने उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवा दिया।
_________________________________________
Post a Comment
0 Comments