निर्दयी पिता ने ग्यारह माह की बेटी को यमुना में फेंका, पत्नी को भी फेंकने का प्रयास, क्षेत्रीय लोगों ने बचाया, लगा दी पिटाई

आगरा, 14 अगस्त। थाना सिकंदरा क्षेत्र के अकबरा यमुना पुल पर शुक्रवार को रिश्तों और इंसानियत को झकझोर कर रख देने वाली घटना सामने आई। एक पिता पर 11 माह की मासूम बेटी को यमुना में फेंकने का आरोप लगा है। उसने अपनी पत्नी को भी पुल से नीचे फेंकने का प्रयास किया। महिला की चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे राहगीरों ने किसी तरह उसे बचा लिया।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, राहगीरों और स्थानीय लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। इस दौरान हुई मारपीट का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। सूचना मिलते ही सिकंदरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। यमुना में फेंकी गई मासूम की तलाश के लिए पीएसी के गोताखोरों को नदी में उतारा गया।
बताया गया है कि आरोपी अपनी पत्नी और 11 माह की बेटी के साथ मोटरसाइकिल से अकबरा यमुना पुल पर पहुंचा था। पुल पर पहुंचने के बाद उसने मोटरसाइकिल रोकी। आरोप है कि इसी दौरान उसने अपनी 11 माह की बेटी को उठाया और यमुना में फेंक दिया। अचानक हुई इस घटना से पत्नी के होश उड़ गए। उसने पति को रोकने का प्रयास किया और बेटी को बचाने के लिए शोर मचाया। आरोप है कि उसने इसके बाद पत्नी को भी पुल से नीचे फेंकने की कोशिश की।
महिला की चीख-पुकार सुनकर पुल से गुजर रहे राहगीर मौके पर रुक गए। लोगों ने महिला को आरोपी के चंगुल से छुड़ाया। मासूम को यमुना में फेंके जाने की जानकारी मिलते ही मौके पर मौजूद लोगों में आक्रोश फैल गया। लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। 
मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया और घटना के संबंध में पूछताछ शुरू कर दी। पुलिस मामले को गृहक्लेश से जोड़कर देख रही है। हालांकि घटना के पीछे वास्तविक कारण क्या था, यह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस ने महिला से भी घटना के संबंध में जानकारी ली। अकबरा यमुना पुल पर काफी देर तक हड़कंप की स्थिति बनी रही। बच्ची की तलाश के साथ-साथ पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी है। 
_________________________________________



ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments