यमुना में नहाने उतरे दो बच्चे डूबे, सर्च ऑपरेशन जारी
आगरा, 14 अगस्त। थाना फतेहाबाद क्षेत्र के पिन्नापुरा गांव में शुक्रवार की शाम यमुना नदी में नहाने गए दो बच्चों के गहरे पानी में डूब जाने की खबर है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से दोनों बच्चों की तलाश शुरू कराई। देर शाम तक सर्च ऑपरेशन चलने के बावजूद दोनों का सुराग नहीं लग सका था। बताया गया है कि पांच बच्चे नदी में उतरे थे, जिनमें से तीन सकुशल निकल आए। नदी में डूबे बच्चों में 12 वर्षीया बालिका और दस वर्षीय बालक शामिल है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, पिन्नापुरा गांव के पांच बच्चे शुक्रवार को बकरी चराने के लिए यमुना नदी के किनारे गए थे। इसी दौरान बच्चों ने नदी में नहाने का फैसला किया और सभी पानी में उतर गए। नहाते समय 12 वर्षीय रूमा पुत्री ताराचंद और 10 वर्षीय प्रिंस पुत्र किशनलाल अचानक नदी के गहरे हिस्से में चले गए। दोनों ने पानी से बाहर निकलने का प्रयास किया, लेकिन देखते ही देखते गहरे पानी में समा गए। रूमा और प्रिंस को पानी में डूबता देखकर उनके साथ मौजूद तीन बच्चे किसी तरह नदी से बाहर निकल आए। उन्होंने तत्काल ग्रामीणों और परिजनों को घटना की जानकारी दी।
दो बच्चों के डूबने की खबर गांव में पहुंचते ही अफरा-तफरी मच गई। कुछ ही देर में बड़ी संख्या में ग्रामीण यमुना किनारे पहुंच गए। परिजन बच्चों को तलाशने के लिए नदी में उतरने की कोशिश करने लगे, लेकिन पानी की गहराई और तेज बहाव के कारण मुश्किलें सामने आईं।
बच्चों के डूबने की सूचना फतेहाबाद थाना पुलिस को दी गई। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थानीय लोगों के साथ राहत एवं तलाश अभियान शुरू कराया। स्थानीय गोताखोरों को नदी में उतारा गया। गोताखोरों ने नदी के संभावित हिस्सों में काफी देर तक तलाश की। देर शाम तक गोताखोर लगातार नदी में तलाश करते रहे, लेकिन दोनों बच्चों का कोई पता नहीं चल सका था। ग्रामीण भी पुलिस और गोताखोरों के साथ तलाश अभियान में जुटे रहे। नदी में संभावित सभी स्थानों पर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
________________________________________
Post a Comment
0 Comments