सीएम ग्रिड प्रोजेक्ट की थर्ड पार्टी जांच के सैंपल फेल, बड़ा सवाल- क्या होगी कठोर कार्रवाई?

आगरा, 19 अगस्त। मुख्यमंत्री की प्राथमिकता वाली सीएम ग्रिड योजना के कार्यों को लेकर आई जांच रिपोर्ट ने निगरानी व्यवस्था पर ही सवाल खड़े कर दिए हैं। सीएम ग्रिड जैसे फ्लैगशिप प्रोजेक्ट में थर्ड पार्टी जांच के दौरान सैंपल फेल होने का मामला अधिकारियों के लिए बड़ी चुनौती बन गया है।
नगर आयुक्त संतोष वैश्य ने मीडिया कर्मियों से बातचीत में बताया कि सीएम ग्रिड योजना के अंतर्गत कराए जा रहे विकास कार्यों की थर्ड पार्टी ऑडिट आरआईटीईएस द्वारा कराई गई है। जांच में कुछ सैंपल मानकों पर खरे नहीं उतरे हैं। मंडलायुक्त नागेंद्र प्रताप ने नगर आयुक्त से रिपोर्ट तलब की है। 
जांच के दौरान बसई मंडी से अमर होटल तिराहे तक चल रहे निर्माण कार्य के डिवाइडर के सैंपल लैब टेस्ट में फेल पाए जाने की बात भी सामने आई है। आरसीसी पाइप के नीचे पीसीसी बेस नहीं बिछाए जाने को लेकर भी कार्यदायी संस्था से सवाल किए गए हैं। बसई मंडी से अमर होटल तिराहे वाले हिस्से में करीब 4200 मीटर और लगभग 75 करोड़ रुपये की लागत का सीएम ग्रिड कार्य कराया जा रहा है। निर्माण सामग्री के सैंपल फेल होने की रिपोर्ट ने पूरे काम की गुणवत्ता और निगरानी पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
दिल्ली गेट क्षेत्र में सीएम ग्रिड के तहत बन रही सड़क का काम धीमी गति से चलने को लेकर सवाल उठे हैं। सवाल सिर्फ यह नहीं है कि निर्माण में कमी कैसे आई, बल्कि यह भी है कि करोड़ों रुपये की परियोजना में गुणवत्ता की निगरानी करने वाले जिम्मेदारों की भूमिका क्या थी? आरआईटीईएस की रिपोर्ट के बाद गेंद नगर निगम और मंडलायुक्त के पाले में है। निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आखिर कितने जिम्मेदारों पर कार्रवाई होती है।
नगर आयुक्त संतोष वैश्य का कहना है कि निर्माण कार्यों पर अधिकारियों की लगातार नजर है। जहां लापरवाही मिल रही है, वहां पेनल्टी भी लगाई जा रही है। जिन योजनाओं अथवा सैंपल में कमी पाई गई है, वहां जिम्मेदार लोगों को चिन्हित किया जाएगा। उनके खिलाफ निश्चित तौर पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। 
बता दें कि शहर में सीएम ग्रिड के तहत प्रमुख सड़कों के कायाकल्प का काम चल रहा है। शुरुआती चरण में करीब 125 करोड़ रुपये की लागत से चार प्रमुख सड़कों को मॉडल रोड के रूप में विकसित करने की योजना है।
इनमें मारुति एस्टेट चौराहे से हनुमान मंदिर 100 फीट रोड पर करीब 26.25 करोड़, इंदिरापुरम चौराहे से एकता पुलिस चौकी रोड पर करीब 36.13 करोड़, जेसीबी चौराहे से शास्त्रीपुरम चौराहे तक सड़क पर करीब 33.17 करोड़ और एत्माद्दौला से शाहदरा चुंगी-नुनिहाई रोड पर करीब 29.58 करोड़ रुपये खर्च किए जाने हैं।
_________________________________________





ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments