तीखी प्रतिक्रियाओं के लिए चर्चित बालयोगी के दिखे दो रूप, पहले विधायक के घर पहुंच मांगी माफी, फिर वीडियो बनाकर दी धमकी- "मैं ऑपरेशन करने बैठा तो 84 कोस की परिक्रमा है, एक ही कोस में परेशान हो जाओगे"

आगरा, 19 अगस्त। शहर की विभिन्न समस्याओं पर तीखी प्रतिक्रियाओं की रील बनाकर चर्चा में रहने वाले बालयोगी एक बार फिर सुर्खियों में हैं। विगत दिवस उनका एक वीडियो वायरल हुआ था जिसमें वह फतेहपुर सीकरी क्षेत्र से भाजपा विधायक चौधरी बाबूलाल और उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय के प्रति अपशब्दों का प्रयोग करते देखे-सुने जा रहे थे। बुधवार को उनके दो और वीडियो वायरल हुए। पहले वीडियो में वे कैमरों के समक्ष विधायक बाबूलाल से माफी मांगते नजर आ रहे हैं। कुछ देर बाद आए दूसरे वीडियो में फिर विधायक को ऐलान देते नजर आए।
गौरतलब है कि समाजसेवी के रूप में सक्रिय बालयोगी ने सोमवार को भाजपा के दोनों विधायकों के खिलाफ मलपुरा क्षेत्र में चौपाल में अपशब्द कहे थे। वीडियो वायरल होने के बाद विधायक चौधरी बाबूलाल ने बालयोगी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने की बात कही थी।
बाल योगी बुधवार की दोपहर को विधायक चौधरी बाबूलाल के जयपुर हाउस स्थित घर पहुंचे। उन्होंने भाजपा विधायक से माफी मांगी। इस दौरान उनकी आंखों में आंसू भी छलक रहे थे। उन्होंने कहा, "मैं मलपुरा गया था। वहां सीवर की समस्या थी। वहां के लोगों के बुलाने पर मैं वहां देखने गया था। वहां माहौल ऐसा बनाया गया था, ऐसी बातचीत की गई... तो मैं अपने ऊपर काबू नहीं कर पाया। गांव से आया हूं, शहर में होता तो सोच-समझकर बोलता। आगे से मैं ध्यान रखूंगा।"
माफी मांगने के बाद विधायक चौधरी बाबूलाल ने भी बाल योगी पर कोई कार्रवाई न करने की बात कही थी।
लेकिन माफी मांगने के कुछ घंटे बाद बाल योगी ने अपने फेसबुक एकाउंट पर एक और वीडियो अपलोड किया, जिसमें वे चौधरी बाबूलाल को चेतावनी देते नजर आ रहे हैं। वीडियो में बाल योगी ने कहा- "विधायक जी ने आपने अपने चेलों से बड़ी ओछी हरकत करा दी। मैं आपके घर क्या आ गया, तुम ये समझ रहे हो कि तुम बहुत बड़े शेर हो और हम बहुत बड़े गीदड़। क्या समझ रहे हो, हम तुमसे डर जाएंगे। एक बात समझ लो छल करके विरासत तुमने बनाई होगी, बाल योगी के पास बहुत कुछ है नहीं, बर्बाद होने को। तुमने 15 कॉल की, जिसमें से नौ व्हाट्सएप कॉल हैं और छह कॉल फोन पर हैं। तुमने कहा, तुम आओ, हमें अच्छा लगेगा। उसके बाद तुम दिखा रहो हो कि हमने वहां पर माफी मांगी। तुम बुजुर्ग थे तो हमें लगा कि हमारे मुंह से अपशब्द नहीं निकलना चाहिए। इसका हमने खेद जताया, माफी मांगी।"
बाल योगी ने कहा, मलपुरा में एक नाला गुजर रहा है, उसमें कई साल से मल-मूत्र जा रहा है। नाले के आसपास बने घरों में हानिकारक गैस जा रही है। इससे 11 लोगों को कैंसर हो चुका है। एक भी विधायक, सांसद और अधिकारी न तो वहां गए और न ही जांच कमेटी गठित की। एक दस साल के बच्चे की आंख में जब कैंसर का पता चला तो मुझे गुस्सा आया। इसलिए मैंने कहा। अपशब्द प्रयोग नहीं करना चाहिए था, इसलिए मैं तुम्हारे घर तक आया। गलती से भी ये मत सोचना कि बाल योगी झुक जाएगा। अगर, मैं ऑपरेशन करने बैठा तो 84 कोस की परिक्रमा है, एक ही कोस में परेशान हो जाओगे। हम पर कुछ खोने को नहीं है। अपने चेलों को समझा देना, नहीं तो कल मैं तुम्हारा आपॅरेशन करूंगा, ध्यान रखना।
_______________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments