डीईआई की छात्रा ने की जान देने की कोशिश!
आगरा, 21 अगस्त। थाना न्यू आगरा क्षेत्र अंतर्गत दयालबाग शिक्षण संस्थान (डीईआई) की छात्रा को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आरोप है कि उसने आत्महत्या करने का प्रयास किया। फिलहाल उसका उपचार चल रहा है। बताया गया है कि परीक्षा में नंबर कम आने के चलते छात्रा ने यह कदम उठाया। दूसरी ओर सूत्रों ने किसी अन्य कारण से इनकार नहीं किया है। कहा गया है कि इन दिनों एडमिशन चल रहे हैं और हाल में परीक्षाएं नहीं हुई हैं।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, डीईआई में बीएससी द्वितीय वर्ष की एक छात्रा कॉलेज के निकट हॉस्टल में रहती है। गुरुवार की रात को उसने जान देने की कोशिश की।
बताया गया है कि उसने मच्छर मारने वाली दवा पी ली। इसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई। हॉस्टल में रहने वाली छात्राओं ने वॉर्डन को सूचना दी। उसे तत्काल उपचार के लिए जीजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया। जहां उसका उपचार चल रहा है।
छात्रा की हालत में सुधार बताया गया है। चिकित्सकों का कहना है कि समय रहते पता चलने के कारण जल्द उपचार मिल गया। इससे स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया। जल्द ही उसे अस्पताल से छुट्टी मिल जाएगी। छात्रा के परिजन के न आने के कारण अभी कॉलेज प्रबंधन उसकी देखरेख कर रहा है। छात्रा बिहार की रहने वाली है। उसके परिजनों को सूचना दे दी गई है।
_________________________________________
Post a Comment
0 Comments