प्रख्यात शिक्षाविद् डॉ. गिरीश चंद्र सक्सेना का निधन
आगरा, 03 अगस्त। प्रख्यात शिक्षाविद्, लोकतंत्र सेनानी डा. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय और डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति डा. गिरीश चन्द्र सक्सेना का सोमवार को नई दिल्ली में निधन हो गया। वे 86 वर्ष के थे। डॉ सक्सेना पिछले कुछ समय से अस्वस्थ थे और नई दिल्ली स्थित मैक्स द्वारिका में उनका उपचार चल रहा था।
उनका पार्थिव शरीर 04 अगस्त को प्रातः8.30 बजे 18 नार्थ विजय नगर कॉलोनी स्थित उनके निवास पर लाया जाएगा। अंतिम संस्कार मंगलवार को ही ताजगंज स्थित विद्युत शवदाह गृह में किया जाएगा।
डॉ. सक्सेना ने राजा बलवंत सिंह कॉलेज में रसायन विभागाध्यक्ष एवं प्राचार्य के रूप में कार्य किया। इसके बाद वे डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय (1998-2001) तथा डॉ. भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय, आगरा (2001-2004) के कुलपति रहे। राष्ट्रीय स्तर पर वे कलकत्ता विश्वविद्यालय, बनारस हिंदू विश्वविद्यालय, महात्मा गांधी केंद्रीय विश्वविद्यालय जैसी संस्थाओं के उच्चस्तरीय निकायों में सदस्य रहे तथा कई केंद्रीय एवं राज्य विश्वविद्यालयों के कुलपति चयन समितियों में अध्यक्ष सदस्य रहे। वे NAAC पीयर टीम अध्यक्ष भी रहे। वैज्ञानिक शोध में उनका प्रमुख क्षेत्र अकार्बनिक एवं समन्वय रसायन रहा। उन्होंने 100 से अधिक शोध पत्र प्रकाशित किए, 60 राष्ट्रीय एवं छह अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन किए तथा 51 पीएच.डी. शोधार्थियों का मार्गदर्शन किया।
हिंदी विज्ञान लेखन में उनके योगदान हेतु उन्हें आत्माराम पुरस्कार (2017) राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी द्वारा प्रदान किया गया। वे इंडियन काउंसिल ऑफ कैमिस्ट्स (ICC) के राष्ट्रीय अध्यक्ष रहे और कई वैज्ञानिक संस्थाओं से आजीवन जुड़े रहे।
आपातकाल (1976-77) के दौरान डॉ. सक्सेना एक सक्रिय शिक्षक आदोलनकारी रहे। उन्हें बरेली केंद्रीय कारागार में मीसा के तहत जेल भेजा गया जहाँ उन्होंने लोकतंत्र की रक्षा हेतु संघर्ष किया।
डॉ. सक्सेना पीपलमंडी निवासी स्वर्गीय कृपाशंकर सक्सेना के पुत्र थे। उन्होंने अपने पीछे पत्नी कमलेश, पुत्र अश्वनी और पुत्री अनुभा का भरा पूरा परिवार छोड़ा है। उनके बड़े भाई प्रो हरीश सक्सेना आगरा कॉलेज में भौतिकी की प्रवक्ता थे। डॉ गिरीश सक्सेना के निधन पर बलदेव भटनागर, डॉ राजेश धाकरे, हरीश सक्सेना चिमटी और आगरा विश्वविद्यालय कर्मचारी संघ के अध्यक्ष अनिल श्रीवास्तव ने शोक व्यक्त किया है।
_______________________________________
.gif)
Post a Comment
0 Comments