Agra News: खबरें आगरा की....

151 दंपतियों ने किया महारुद्राभिषेक
आगरा, 03 अगस्त। सावन मास के प्रथम सोमवार पर यमुना तट स्थित श्री महाकालेश्वर मंदिर, बूढ़ी का नगला, दयालबाग में नौ दिवसीय सावन महोत्सव प्रातः महारुद्राभिषेक के साथ शुरू हो गया। 151 दंपतियों ने भगवान भोलेनाथ का विधि-विधान से महारुद्राभिषेक किया। इसके उपरांत विद्वान ब्राह्मणों के सान्निध्य में रुद्र महायज्ञ संपन्न हुआ।
संध्या में श्रीराम कथा के द्वितीय दिवस पर आचार्य पंडित विमलेश त्रिवेदी ने कहा कि श्रीरामचरितमानस केवल एक धार्मिक ग्रंथ नहीं, बल्कि मानव जीवन के चरित्र निर्माण का दिव्य मार्गदर्शक है। महाकालेश्वर मंदिर के महन्त सुनील वशिष्ठ ने कहा कि श्रावण मास भगवान शिव की आराधना का सर्वश्रेष्ठ समय है। 
_________________________________________
महिला जत्थे को ताजमहल के पश्चिमी गेट पर रोका
आगरा, 03 अगस्त। अखिल भारत हिंदू महासभा की जिलाध्यक्ष मीरा राठौर के नेतृत्व में महिलाओं के एक जत्थे ने सावन के पहले सोमवार पर गंगाजल लेकर ताजमहल की ओर बढ़ने का प्रयास किया लेकिन पुलिस ने उन्हें पश्चिमी गेट से पहले ही रोक दिया। 
संगठन का कहना था कि ताजमहल में भगवान शिव का प्राचीन मंदिर तेजोमहालय है और वे महादेव को गंगाजल अर्पित करने आए हैं। इस दौरान पुलिस और हिंदू महासभा कार्यकर्ताओं के बीच नोकझोंक भी हुई। 
_________________________________________
121 दंपतियों ने किया रुद्राभिषेक
आगरा, 03 अगस्त। गिरिराज जी सेवा मंडल परिवार द्वारा श्रावण मास के प्रथम सोमवार पर अग्रसेन भवन, लोहामंडी में महारुद्राभिषेक का आयोजन किया गया। अनुष्ठान में 121 दंपतियों ने भाग लिया। 
मथुरा के गोपालाचार्य के मार्गदर्शन में 21 विद्वान ब्राह्मणों ने वैदिक रीति से नर्मदेश्वर शिवलिंग का महारुद्राभिषेक संपन्न कराया। अनुष्ठान का समापन आरती के साथ हुआ। गोपालाचार्य ने कहा कि नर्मदेश्वर शिवलिंग भगवान शिव का स्वयंभू एवं जागृत स्वरूप माना जाता है। माँ नर्मदा की पावन धारा से प्राकृतिक रूप से प्राप्त होने वाले इस शिवलिंग की पूजा-अर्चना का विशेष आध्यात्मिक महत्व है। 
_________________________________________
एन.सी.सी. निदेशालय के एडीजी का ग्रुप मुख्यालय का दौरा
आगरा 03 अगस्त। प्रदेश के एन.सी.सी. निदेशालय के अपर महानिदेशक मेजर जनरल गौरव गौतम ने सोमवार को जनपद एन.सी.सी. ग्रुप मुख्यालय का दौरा किया।
ग्रुप मुख्यालय पहुँचने पर उनका स्वागत एन.सी.सी. के ग्रुप कमांडर ब्रिगेडियर एस.पी. यादव ने किया। ग्रुप कमांडर द्वारा ए.डी.जी. को एन.सी.सी. कैडेट्स की उपलब्धियों, प्रशिक्षण एवं विभिन्न पहलुओं सामजिक सामुदायिक सेवा आदि कार्यकमों तथा राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय शिविरों एवं गतिविधियों में कैडेट्स के प्रदर्शन के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।
ए.डी.जी. ने ग्रुप मुख्यालय परिसर का भ्रमण भी किया। उन्होंने युवाओं में अनुशासन नेतृत्व और देशभक्ति की भावना विकसित करने के लिए एन.सी.सी. परिवार द्वारा दिखाये गये समर्पण और व्यवहारिकता की सराहना की।
ए.डी.जी. 04 अगस्त को 3 यूपी बटालियन एन.सी.सी. मैनपुरी में आयोजित संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर का दौरा करेंगे। इसके पश्चात 05 अगस्त को गणेश राम नागर सरस्वती बालिका विद्या मंदिर, बल्केश्वर में एन.सी.सी. कैडेट्स को संबोधित करेंगे तथा एन.सी.सी. अधिकारियों के साथ वार्तालाप करेंगे । तत्पश्चात ए.डी.जी. 1 यूपी एयर स्क्वार्डन एन.सी.सी. का निरीक्षण करेंगे।
_________________________________________
पार्श्व गायक मोहम्मद रफी को दी श्रद्धांजलि 
आगरा, 03 अगस्त। मरहूम पार्श्व गायक मोहम्मद रफी को श्रद्धांजलि देने हेतु रॉयल म्यूजिक क्लासेस द्वारा कार्यक्रम का आयोजन अर्जुन नगर पर किया गया ।
संचालन करते हुए सुशील सरित ने बताया कि मोहम्मद रफी ने अपने जीवन में पहला कार्यक्रम 13 वर्ष की उम्र में के एल सहगल साहब के साथ किया था और उसके बाद शायद ही ऐसा कोई संगीतकार हो या गायक हो जिसके साथ उन्होंने गीत न गाए हों। लगभग 26000 गीत उनकी आवाज में रिकॉर्ड हुए।
मुख्य अतिथि आगरा कॉलेज आगरा संगीत विभाग की प्रोफेसर आन्शवना सक्सेना ने कहा कि मोहम्मद रफी साहब ऐसी आवाज है जिसको कभी भुलाया नहीं जा सकता। 
मोहित अग्रवाल, काशी, गुड्डू भाई, भास्कर शुक्ला, आशीष त्रिपाठी, लक्षिता महाजन, डॉ संजीव बोहरा, डॉ असीम आनंद ,हरीश अग्रवाल, नित्या शर्मा, प्रवीन रावत, चंद्रशेखर शर्मा , सुधीर शर्मा, हरीश भदोरिया ने श्रद्धांजलि दी।
_________________________________________
कर्नल्स ब्राइटलैंड स्कूल ने जीते 14 पदक 
आगरा, 03 अगस्त। सीबीएसई नॉर्थ जोन बॉक्सिंग चैंपियनशिप में कर्नल्स ब्राइटलैंड स्कूल को विजेता बनने का गौरव मिला। स्कूल ने अंडर -19 बालक वर्ग, अंडर-17 बालिका वर्ग में ओवर आल चैम्पियन अंडर-17 बालक वर्ग में द्वितीय व अंडर-19 बालिका वर्ग तृतीय स्थान के साथ ओवरआल चैम्पियनशिप पर कब्जा जमाया। स्कूल ने कुल 6 स्वर्ण, 6 रजत एवं 2 कांस्य पदक सहित कुल 14 पदक अर्जित किए।
विद्यालय की प्रधानाचार्या रुबीना खानम के अंदर डर, उत्तराखंड के देहरादून में यह प्रतियोगिता 27 जुलाई से 2 अगस्त तक आयोजित की गई। प्रतियोगिता में पश्चिमी उत्तर प्रदेश एवं उत्तराखंड के 96 विद्यालयों के 1468 बालक/बालिकों ने प्रतिभाग किया।
पदक जीतने वालों में उदय राजपूत, छवि यादव, वंशिका यादव, कनिका चौरसिया, अर्चना गुर्जर, पायल राजपूत, दिव्यांश आर्या, निश्चय राजपूत, रतनदीप सिंह, जानवी यादव, खुशी चौहान, आतिफ खान, कृष्णा भुंबरी, अथर्व परिहार शामिल हैं। खिलाड़ियों की उपलब्धि पर विद्यालय के निदेशक कर्नल अपूर्व त्यागी, दीपिका त्यागी, सुरेंद्र सिंह चाहर व खेल निदेशक सोमेश दुबे ने हर्ष व्यक्त किया।
_________________________________________
ईदगाह जंक्शन का पुनर्विकास पूर्ण, अछनेरा, आगरा फोर्ट, फतेहपुर सीकरी और राजा की मंडी रेलवे स्टेशनों पर कार्य जारी 
आगरा, 03 अगस्त। जिले के रेलवे स्टेशनों पर चल रहे विकास कार्यों की वास्तविक स्थिति जानने के लिए राज्यसभा सदस्य नवीन जैन ने संसद में अमृत भारत स्टेशन योजना से जुड़ा मुद्दा उठाया। उन्होंने केंद्र सरकार से पूछा कि आगरा सहित देशभर में योजना के तहत क्या प्रगति हुई है, यात्रियों के लिए कौन-कौन सी सुविधाएं विकसित की जा रही हैं, कितना कार्य पूरा हो चुका है तथा अब तक कितना व्यय किया गया है।
सांसद के तारांकित प्रश्न के लिखित जवाब में रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव ने स्पष्ट किया कि अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत आगरा ईदगाह जंक्शन का पुनर्विकास कार्य पूरा किया जा चुका है, अछनेरा, आगरा फोर्ट, फतेहपुर सीकरी और राजा की मंडी रेलवे स्टेशनों पर अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत व्यापक स्तर पर पुनर्विकास कार्य किए जा रहे हैं। 
सांसद नवीन जैन ने कहा कि आगरा विश्व पर्यटन के प्रमुख केंद्रों में शामिल है और प्रतिदिन हजारों यात्री यहां पहुंचते हैं। ऐसे में रेलवे स्टेशनों का आधुनिक स्वरूप यात्रियों की सुविधाओं को बेहतर बनाने के साथ-साथ पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी नई गति देगा। 
_________________________________________

लीडर्स आगरा ने गुरुद्वारा गुरु के ताल में किया पौधरोपण
आगरा, 03 अगस्त। सामाजिक संस्था 'लीडर्स आगरा' द्वारा सोमवार को गुरुद्वारा गुरु के ताल परिसर में पौधरोपण किया गया। संस्था के सदस्यों ने 'एक पौधा माँ के नाम' मुहिम के तहत पौधे रोपे। 
कार्यक्रम में भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता, डॉ पार्थ सारथी शर्मा, सुनील जैन, विनोद सिंह, पार्षद शरद चौहान, मण्डल अध्यक्ष राहुल जैन, स्वीटी चौहान, सुनील बग्गा, अपूर्वा सिंह जादौन, अंजलि गुप्ता, सुमित अग्रवाल, टीएन सिंह चौहान, रोबिन जैन, हरीकांत शर्मा, संयोजक संजय कुमार उपस्थित रहे।
_________________________________________


ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments