आगरा में राज्यपाल आनंदी बेन पटेल बोलीं- जंतर-मंतर पर संस्कारहीन बच्चों ने माहौल बिगाड़ा

आगरा, 03 अगस्त। प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने सोमवार को यहां कहा कि पिछले दिनों जंतर-मंतर पर संस्कारहीन बच्चों ने माहौल बिगाड़ा। कुछ प्रतिशत बच्चे गलत आचरण के कारण पूरा माहौल बिगाड़ देते हैं। वे पढ़े-लिखे थे, लेकिन संस्कार नहीं थे। शिक्षा और संस्कार दोनों जरूरी हैं। तभी युवा देश और समाज के लिए सही दिशा में काम कर पाएंगे। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, उन्होंने माता-पिता से भी आग्रह किया कि बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ संस्कार भी जरूर दें, वरना बच्चे भटक जाते हैं। 
राज्यपाल शिवाजी मण्डपम में डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के 92वें दीक्षांत समारोह को संबोधित कर रही थीं। उन्होंने कहा कि डिग्री मिलने के बाद छात्रों की जिम्मेदारी है कि वह समस्या के समाधान के लिए काम करें। एक या दो प्रतिशत लोग कमियां देखते हैं इन पर ध्यान न दें ऐसे ही लोग जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करते हैं।
उन्होंने छात्रों से अपील की कि डॉ. आंबेडकर के जीवन से प्रेरणा लेते हुए अपनी उपाधि को केवल व्यक्तिगत सफलता तक सीमित न मानें। बल्कि इसे समाज और राष्ट्र की सेवा का माध्यम बनाएं। 
समारोह में राज्यपाल ने 64 टॉपर छात्रों को 88 मेडल दिये। कुल 79,832 विद्यार्थियों को डिग्री मिली। पश्चिम बंगाल के गोल्डन ग्रास (मदुर) शिल्पकार अरधेंदु शेखर दास को भारतीय पारंपरिक हस्तशिल्प और ग्रामीण उद्यमिता के क्षेत्र में योगदान के लिए मानद उपाधि से सम्मानित किया गया।
इस दौरान राज्यपाल ने  आधा दर्जन परियोजनाओं का लोकार्पण भी किया। इसमें मॉडल स्कूल का जीर्णोद्धार, मियावाकी निधिवन, चाणक्य सदन, सुल्तानगंज में 'शताब्दी भवन', कणाद हाई-टेक सेंटर और आंबेडकर प्रतिमा स्थल का नवीनीकरण शामिल है।
दीक्षांत समारोह को एनसीईटी के चेयरमैन प्रो. पंकज अरोरा और प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने भी संबोधित किया।
_________________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments