"साहब, पैमाइश हो गई"- ककोड़े लेकर डीएम के पास पहुंचा किसान
आगरा, 07 अगस्त। जिला कलक्ट्रेट में शुक्रवार को जनसुनवाई के दौरान जिलाधिकारी मनीष बंसल के समक्ष एक किसान अपने हाथ में थैली लेकर आया और उन्हें देते हुए बोला- "साहब जमीन की पैमाइश हो गई है, अब कोई परेशानी नहीं है, यह मेरे खेत के जंगली ककोड़े हैं। आपका धन्यवाद करने आया हूं।"
किसान की सादगी और चेहरे पर खुशी देखकर जिलाधिकारी मुस्कुरा उठे और उन्होंने ककोड़ों को अनमोल बाते हुए आभार जताया।
तहसील बाह के ग्राम बसई अरेला में रहने वाले किसान रामप्रकाश पुत्र रोशनलाल की भूमि की पैमाइश पिछले तीन सालों से लंबित थी। राजस्व निरीक्षक और लेखपाल बार बार पैमाइश टाल रहे थे। शिकायत करने पर भी कार्रवाई की बजाय मामला दबाने का प्रयास किया जा रहा था। किसान का आरोप था कि उसकी जमीन पर किसी अन्य व्यक्ति ने कब्जा कर लिया था।
विगत छह जुलाई को तहसील बाह में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस लगाया गया था। किसान रामप्रकाश ने वहां डीएम मनीष बंसल के सामने अपनी समस्या रखी। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए डीएम ने मौके पर ही संबंधित राजस्व निरीक्षक को तलब किया और लापरवाही पर फटकार लगाते हुए तत्काल जमीन की पैमाइश के निर्देश दिए थे। डीएम के आदेश के बाद राजस्व भिाग की टीम ने किसान की भूमि की पैमाइश पूरी कर दी।
सालों से लंबित समस्या का समाधान होने के बाद किसान रामप्रकाश शुक्रवार को कलक्ट्रेट में डीएम की अध्यक्षता में हो रही जनसुनवाई में पहुंचा। डीएम से मुलाकात होते ही उसने अपने साथ लाए अपने खेत के ककोड़े से भरी थैली डीएम को देते हुए कहा कि साहब पैमाइश हो गई, अब कोई परेशानी नहीं है।
_______________________________________
.gif)
Post a Comment
0 Comments