मदिया कटरा पर तेज रफ्तार कार ने एक्टिवा सवार भाइयों को रौंदा, एक की मौत, दूसरा घायल

आगरा, 24 अगस्त। थाना लोहामंडी के अंतर्गत मदिया कटरा के निकट विगत सायं एक तेज रफ्तार XUV ने एक्टिवा सवार दो सगे भाइयों को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में 20 वर्षीय शारिक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बड़ा भाई बंटी गंभीर रूप से घायल हो गया। इस पूरे हादसे का दिल दहला देने वाला सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक मृतक शारिक और घायल बंटी मूल रूप से लोहामंडी के आलमगंज क्षेत्र के रहने वाले हैं। परिजनों ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से बड़े भाई बंटी की तबीयत खराब चल रही थी। शनिवार दोपहर छोटा भाई शारिक उसे अपनी एक्टिवा पर बैठाकर डॉक्टर को दिखाने के लिए घर से निकला था।
दोनों जैसे ही मदिया कटरा चौराहे के पास पहुंचे, तभी पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार XUV ने उनकी एक्टिवा को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक्टिवा कई फीट तक घिसटती चली गई और दोनों भाई उछलकर सड़क पर जा गिरे।
घटनास्थल के पास लगे एक घर के सीसीटीवी कैमरे में यह पूरा हादसा कैद हो गया। फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि XUV बेकाबू गति से आ रही है। चालक ने सीधे एक्टिवा को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कुछ सेकंड के लिए XUV रुकी भी, लेकिन फिर तेजी से आगे निकल गई।
मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत दोनों भाइयों को उठाया। शारिक के सिर और सीने में गंभीर चोट आई थी और मौके पर ही उसकी मौत हो चुकी थी। बंटी के हाथ-पैर में फ्रैक्चर बताया जा रहा है। उसे नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, XUV में दो युवक और एक युवती सवार थे। हादसे के बाद वे भागने लगे। लोगों ने उनका पीछा भी किया। बताया जा रहा है कि बिल्लोचपुरा रेलवे क्रॉसिंग पर फाटक बंद होने के कारण आरोपी XUV को वहीं छोड़कर पैदल ही भाग निकले।
सूचना पर पहुंची थाना लोहामंडी पुलिस ने XUV को कब्जे में लेकर थाने भिजवा दिया। जांच के दौरान पुलिस को गाड़ी के अंदर से शराब की बोतल मिलने की बात सामने आई है। आशंका जताई जा रही है कि आरोपी नशे में गाड़ी चला रहे थे।
एसीपी लोहामंडी ने बताया कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। XUV के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर मालिक का पता लगाया जा रहा है और सीसीटीवी फुटेज से फरार आरोपियों की पहचान की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
_________________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments