नेपाल की वास्तुकला और राजस्थान की राजसी छटा का संगम दिखाई देगा जनक महल में, भूमिपूजन के साथ निर्माण शुरू

आगरा, 20 अगस्त। श्रीरामलीला महोत्सव के अंतर्गत इस बार भावना एस्टेट रोड पर सजने जा रही जनकपुरी महोत्सव के जनक महल के लिए गुरुवार को वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि विधान से भूमि पूजन किया गया।
कावेरी कौस्तुभ के पास तैयार किए जा रहा जनक महल 140 फीट ऊंचा और लगभग 280 फीट चौड़ा होगा। 
राजा जनक के स्वरूप अशोक कुमार गोयल एवं रानी सुनयना की स्वरूप लता गोयल ने वैदिक रीति से पूजन किया। राजा दशरथ के स्वरूप संजय सिंघल, रानी कौशल्या की स्वरूप नीता सिंघल, केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल, श्रीरामलीला कमेटी के अध्यक्ष एवं विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, एमएलसी विजय शिवहरे, महापौर हेमलता दिवाकर, डीसीपी पूर्वी अभिषेक अग्रवाल एवं श्रीरामलीला कमेटी के महामंत्री राजीव अग्रवाल सहित अतिथियों ने आरती की।
जनक महल के निर्माण की जिम्मेदारी पुरुषोत्तम टेंट हाउस को दी गई है और निर्माण के लिए कोलकाता से विशेष कारीगर बुलाए गए हैं। प्रारंभिक रूप से महल की वास्तुकला नेपाल स्थित प्रसिद्ध जानकी महल की तर्ज पर तैयार की जा रही थी, लेकिन अंतिम स्वरूप में उदयपुर और जयपुर के राजमहलों की राजस्थानी स्थापत्य कला तथा शाही वैभव को भी शामिल किया गया है। इससे जनक महल में मिथिला की धार्मिक परंपरा, नेपाल की वास्तुकला और राजस्थान की राजसी छटा का अनूठा संगम दिखाई देगा।
महल की भव्यता को आकर्षक फव्वारों एवं रंग-बिरंगी प्रकाश व्यवस्था से और निखारा जाएगा। रात में रोशनी और फव्वारों की सजावट श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण होगी। भगवान श्रीराम, माता सीता सहित अन्य स्वरूपों के विराजमान होने वाले स्थान को पूरी तरह वाटरप्रूफ बनाया जाएगा।
भूमि पूजन के साथ ही जनक महल के आधार निर्माण के लिए बल्लियां लगाने का कार्य आरंभ कर दिया गया है। अजय गर्ग ने जनक महल के प्रारूप के पोस्टर का विमोचन अतिथियों द्वारा कराया। संचालन डॉ रुचि चतुर्वेदी ने किया।
श्रीरामलीला कमेटी से महामंत्री राजीव अग्रवाल, भगवान दास बंसल, ताराचंद्र अग्रवाल, शांति स्वरूप गोयल, विजय गोयल, संजय तिवारी, प्रवीण स्वरूप, मनोज अग्रवाल, विष्णु दयाल बंसल, राहुल गौतम, रामांशु शर्मा, जनकपुरी महोत्सव समिति के अशोक कुमार गुप्ता, संजय गोयल, मनोज बंसल, संतोष कटारा, धर्मेश जैन, रितेश लवानिया, मनोज जादौन आदि उपस्थित रहे।
________________________________________


ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments