साइबर ठगों ने बैंक खाते से पांच लाख रुपये पार किए, नेट बैंकिंग और मोबाइल बैंकिंग बंद होने पर भी हो गई वारदात

आगरा, 16 अगस्त। शहर में एक नेट बैंकिंग और मोबाइल बैंकिंग बंद होने के बावजूद बैंक खाते से साइबर ठगों द्वारा पांच लाख रुपये निकाल लिए जाने का मामला सामने आया है। मोबाइल फोन पर धनराशि निकाले जाने का संदेश आने के बाद पीड़ित को इसका पता चला। रिपोर्ट दर्ज कराए जाने के बाद पुलिस पूरे मामले की तहकीकात में जुट गई है।
खबरों के अनुसार, शमशाबाद रोड स्थित डी-54 अंसल टाउन निवासी नवीन कुमार शर्मा ने साइबर क्राइम थाना, पुलिस लाइन में मामले की शिकायत दर्ज कराई है। नवीन के मुताबिक, 12 अगस्त की सुबह करीब नौ बजे उनके मोबाइल पर बैंक खाते से पांच लाख रुपये की निकासी/ट्रांसफर का संदेश आया। मैसेज देखते ही उन्होंने खाते की जानकारी जांची तो रकम गायब थी। उन्होंने बैंकिंग सेवाओं का इस्तेमाल किए बिना ही इतनी बड़ी रकम निकलने पर तत्काल बैंक से संपर्क किया।
पीड़ित का कहना है कि उन्हें समझ नहीं आया कि ठगों ने खाते तक किस तरह पहुंच बनाई। नवीन कुमार ने अपने खाते की नेट बैंकिंग और मोबाइल बैंकिंग पहले ही बंद करा रखी थी। इसके बावजूद खाते से इतनी बड़ी रकम निकल गई।
आशंका है कि ठगों ने किसी दूसरे माध्यम से बैंकिंग फ्रॉड को अंजाम दिया। रकम निकलने की जानकारी मिलते ही पीड़ित बैंक पहुंचे और खाते की सुरक्षा के लिए जरूरी कदम उठाए। उन्होंने बैंकिंग सेवाओं को दोबारा जांच कराया और ऑनलाइन भी शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत मिलने के बाद साइबर क्राइम पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने बैंक से खाते का विस्तृत लेनदेन विवरण मांगा है। साइबर विशेषज्ञ यह पता लगाने में जुटे हैं कि ठगों ने बैंकिंग सिस्टम में सेंध किस तरीके से लगाई।
_______________________________________



ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments