Agra News: खबरें आगरा की.....

पिया नाम की मेहंदी से सजे हाथ, मेले की तैयारी हो रही साथ
आगरा, 14 अगस्त। संस्कार भारती आगरा पश्चिम प्रताप द्वारा हरियाली तीज मेले के अन्तर्गत शुक्रवार को प्रताप नगर बुर्जी वाला हनुमान जी मंदिर में चार वर्गों में मेहंदी रचाओ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमें 6 वर्ष से 69 वर्ष तक की 147 बहनों और महिलाओं ने भाग लिया। उत्साह और उमंग के साथ आयोजित प्रतियोगिता में गीत संगीत का दौर चला तो हर तरफ खुशियां बिखरी नजर आई. साथ ही मेले की तैयारियों का काम भी चलता रहा। 
प्रतियोगिता का शुभारम्भ प्रांतीय महामंत्री नंदन गर्ग महानगर अध्यक्ष राजीव द्विवेदी और अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल द्वारा किया गया। प्रतियोगिता में डॉक्टर चेतना परिहार, अनिता भार्गव, नीनू गर्ग, रश्मि सिंह, माला सिंगल, आस्था गर्ग, रश्मि अग्रवाल और प्रतिभा भदोरिया ने निर्णायक की भूमिका निभाई। संयोजन रेनू सिंघल ने किया. इस अवसर पर ओम स्वरूप गर्ग , पूर्व पार्षद ईश्वर पाल सिंह, शुभांशु गर्ग , नीरज अग्रवाल, अमित अग्रवाल, प्रदीप सिंघल, रवी गर्ग, राजीव सिंगल, प्रभु दत्त उपाध्याय, रूपेश कुलश्रेष्ठ स्नेह, एडवोकेट संजय कुमार, मीरा शर्मा, मोहिनी भटनागर, एस एन गर्ग, नीता गर्ग, कविता सिंघल, छीतरमल गर्ग, मीरा गर्ग, अजय मिश्रा अजेय उपस्थित रहे।
_________________________________________
केनरा बैंक ने 2190 छात्राओं को 87.60 लाख रुपये की छात्रवृत्ति वितरित की
आगरा, 14 अगस्त। केनरा बैंक अंचल कार्यालय में अंचल प्रमुख एवं महाप्रबंधक सुनित कुमार सिंह की अध्यक्षता में डॉ. अंबेडकर विद्या ज्योति योजना के अंतर्गत एसटी / एससी समुदाय की कक्षा 5 से 7 तक की मेधावी छात्राओं को 3000 रुपये एवं कक्षा 8 से 10 तक की मेधावी छात्राओं को 5000 रुपये की छात्रवृत्ति का वितरण किया गया। सभी छात्राओं को उपहार देकर उनका उत्साहवर्धन किया गया। कुल 2190 छात्राओं को 87.60 लाख रुपये की छात्रवृत्ति वितरित की गई।
इस अवसर पर उप महाप्रबंधक पी वी हरि, उप महाप्रबंधक बी वेंकट रामुलु और अंचल कार्यालय के सभी कार्यपालकगण एवं शाखा प्रभारी तथा विद्यालयों से छात्राएं और शिक्षकगण उपस्थित थे। 
_________________________________________
उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए टोरेंट पावर ने बनाए तीन ग्राहक सेवा केंद्र
आगरा, 14 अगस्त। उपभोक्ताओं को विद्युत संबंधी सेवाएं आसानी से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से टोरेंट पावर द्वारा शहर में तीन ग्राहक सेवा केंद्र संचालित किए जा रहे हैं। ये केंद्र प्रतापपुरा, जयपुर हाउस तथा चर्च रोड, संजय पैलेस के सामने राम रघु हॉस्पिटल के पास स्थित हैं। कार्यदिवसों में उपभोक्ता यहां पहुंचकर बिजली से संबंधित शिकायत, नए कनेक्शन, बिल अथवा अन्य आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
ग्राहक सेवा केंद्रों पर उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए टोरेंट पावर के प्रशिक्षित एग्जीक्यूटिव तैनात रहते हैं। यहां 10 से 12 तक काउंटरों के माध्यम से सेवाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। इसके अलावा फ्लोर पर मौजूद कर्मचारी उपभोक्ताओं को सही काउंटर तक पहुंचने और उनकी समस्या के समाधान में सहायता करते हैं। केंद्रों पर बैठने, पेयजल तथा टोकन सिस्टम जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध हैं, जिससे उपभोक्ताओं को कम समय में अपनी सेवा प्राप्त हो सके।
टोरेंट पावर की ओर से उपभोक्ताओं के लिए 24x7 कॉल सेंटर की सुविधा भी उपलब्ध है। उपभोक्ता किसी भी समय विद्युत संबंधी शिकायत अथवा आवश्यक जानकारी के लिए कॉल सेंटर से संपर्क कर सकते हैं। 
कंपनी के उपाध्यक्ष संजय कुमार का कहना है कि निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति के साथ-साथ उपभोक्ताओं को त्वरित सेवा और उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की है कि विद्युत संबंधी किसी भी कार्य के लिए किसी दलाल या मध्यस्थ के माध्यम से संपर्क न करें। 
_________________________________________


ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments