हिंदू महासभा ने मुकदमा लिखाने पर पुरातत्व अधीक्षक का पुतला फूंका
आगरा, 19 अगस्त। अखिल भारत हिंदू महासभा के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को मॉल रोड स्थित पुरातत्व कार्यालय के बाहर पुरातत्व अधीक्षक का पुतला फूंका। ये कार्यकर्ता सावन के तीसरे सोमवार पर मेहताब बाग में धार्मिक गतिविधियां करने पर पुरातत्व विभाग द्वारा लिखाए गए मुकदमे का विरोध कर रहे थे।
महासभा की जिलाध्यक्ष मीरा राठौर की ओर से जारी विज्ञप्ति में यह जानकारी दी गई। विज्ञप्ति में कहा गया कि पुरातत्व अधीक्षक को कई बार ज्ञापन दे चुके हैं कि ताजमहल में उर्स नहीं होना चाहिए तब भी उर्स होता है और उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं होती। यदि हमने भगवा लहरा दिया तो पुरातत्व विभाग ने हमारे खिलाफ मुकदमा लिखा दिया।
विज्ञप्ति में कहा गया कि महासभा ऐसे मुकदमों से डरने वाली नहीं है, हम तेजोमहालय (ताजमहल) के लिए संघर्ष करते थे, करते हैं और करते रहेंगे। विज्ञप्ति में चुनौती देते हुए कहा गया कि हिंदू महासभा कार्यकर्ताओं ने मेहताब बाग से ताजमहल की आरती उतारी, भगवा लहराया और जलाभिषेक किया था तो पुरातत्व अधीक्षक ने थाना एत्माद्दौला में अज्ञात के खिलाफ क्यों मुकदमा लिखाया, जबकि हिंदू महासभा में मेहताब बाग कार्यक्रम की जिम्मेदारी ली थी।
__________________________________________
Post a Comment
0 Comments