पेट्रोल में पानी या एथेनॉल?? जियो पेट्रोल पंप पर जमकर हंगामा, सही करानी पड़ीं बाइक

आगरा, 14 अगस्त। खंदौली क्षेत्र के नंदलालपुर स्थित रिलायंस जियो पेट्रोल पंप पर शुक्रवार को ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया। उनका आरोप था कि पेट्रोल पंप से पानी मिला पेट्रोल डाला जा रहा है। इससे उनकी बाइक खराब हो रही हैं। 
मिलावट की शिकायत लेकर करीब दो दर्जन से अधिक ग्रामीण पंप पर पहुंच गए। उन्होंने बोतलों में भी पानी मिले पेट्रोल को दिखाया। ग्रामीणों के आक्रोश को देखते हुए पंप सुपरवाइजर ने मिस्त्री को बुलाकर सभी की टंकी खाली करा कर साफ कराई और बाइकों की मरम्मत कराई।
पेट्रोल पंप के सुपरवाइजर रूपेंद्र का कहना है कि पेट्रोल में 20 प्रतिशत एथेनॉल मिश्रित होने के कारण इस तरह की शिकायत आ रही है। जिन बाइकों के खराब होने की शिकायत मिली है, उनमें से पेट्रोल निकलवाकर उनकी मरम्मत कराई जा रही है।
ग्रामीणों की शिकायत थी कि पंप से पेट्रोल भरवाने के बाद बाइक कुछ दूरी तक चलने के बाद बंद होने लगीं। करीब दो किलोमीटर दूर पहुंचते ही कई बाइक रास्ते में खराब हो गईं। इसके बाद बाइक सवार वापस पेट्रोल पंप पर पहुंचे और पेट्रोल में पानी मिले होने का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। हंगामे को देखकर पंप पर मौजूद कुछ कर्मचारी मौके से चले गए। पंप पर अफरातफरी का माहौल बन गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाकर शांत किया।
__________________________________________


ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments