बेटी के सामने यमुना में कूदी मां, गोताखोरों ने पांच घंटे तलाशा, पड़ोसी गांव में घूमती मिली
आगरा, 13 अगस्त। फतेहाबाद क्षेत्र में विगत दिवस यमुना नदी में अजीब मंजर देखने को मिला। एक महिला के नदी में कूदने की सूचना पर गोताखोर पांच घंटे तक पानी में उसे तलाशते रहे, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। शाम को अचानक खबर मिली कि यमुना में कूदी महिला पास के गांव में घूम रही है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, नूरपुर निवासी 35 वर्षीया महिला नर्मदा का अपने पति सूरजभान से बुधवार की सुबह किसी बात पर विवाद हो गया था। नाराज नर्मदा अपनी सात वर्षीया पुत्री शैली को लेकर यमुना किनारे खेतों पर चली गई। गुस्से में नर्मदा ने यमुना नदी में छलांग लगा दी। मां को नदी में कूदते देख बेटी गांव पहुंची और परिवारीजनों को जानकारी दी।
बड़ी संख्या में ग्रामीण यमुना किनारे पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने स्थानीय और पीएसी के गोताखोरों की मदद से यमुना में तलाशी अभियान शुरू कराया। करीब पांच घंटे तक महिला की तलाश जारी रही पर कोई पता नहीं चला।
उधर, करीब साढ़े चार बजे नर्मदा के गढ़ी चंदन गांव में होने की सूचना मिली। पुलिस वहां पहुंच गई। उसे जिंदा देखकर परिजनों ने राहत की सांस ली। नर्मदा ने बताया कि पति से विवाद के बाद उसने यमुना में छलांग लगाई थी लेकिन वह किसी तरह दूसरे किनारे पहुंच गई और गढ़ी चंदन गांव चली गई।
एसीपी फतेहाबाद इमरान अहमद ने मीडिया को बताया कि गोताखोरों की मदद से महिला की यमुना नदी में तलाश कराई जा रही थी। महिला पास के गांव में घूमती मिल गई, जिसे थाने लाकर परिजनों को सौंप दिया गया।
________________________________________
Post a Comment
0 Comments