Agra News-2: खबरें आगरा की -2....
"भाजपा सरकार में व्यापारियों को न सम्मान न सुरक्षा!" नेता बोले- सपा की ओर बढ़ा झुकाव
आगरा, 12 अगस्त। भाजपा की सरकार में व्यापारियों का न सम्मान है न ही सुरक्षा। व्यापारी हित में सबसे ज्यादा निर्णय समाजवादी पार्टी की सरकार में लिए गए।जैसे धारा 3/7 आवश्यक वस्तु अधिनियम (EC एक्ट) को स्थगित करना, चूंगी प्रथा समाप्त करना, इंस्पेक्टर राज व तहबाजारी समाप्त करना, पंजीकृत व्यापारियों के लिए 10 लाख रुपये तक निःशुल्क व्यापारी दुर्घटना योजना की शुरुआत करना। यह वक्तव्य विजय नगर नवरंग भवन में समाजवादी व्यापार पार्टी सभा द्वारा आयोजित व्यापारी मण्डलीय सम्मेलन में मुख्य अतिथि एवं समाजवादी व्यापार सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनीष जगन अग्रवाल ने दिया।
समाजवादी व्यापार सभा के प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप जायसवाल ने कहा कि केन्द्र एवं प्रदेश सरकार इन्वेस्टर समिट के फर्जी आंकड़ों को पेश कर जनता को गुमराह कर कूट रचित विज्ञापनों के माध्यम से अपना ढिंढोरा पीटने का कार्य कर रही है। व्यापार सभा के प्रदेश सचिव व मण्डल प्रभारी मनोज गुप्ता ने आगरा उद्योगों को हालत पर प्रकाश डाला। अध्यक्षता रामचरण पोरवाल ने की।
इस अवसर पर संयोजक राकेश अग्रवाल, संजीव पोरवाल, सोमेश गुप्ता, जिलाध्यक्ष उदल सिंह कुशवाहा, शहर अध्यक्ष शब्बीर अब्बास, राजपाल यादव, राहुल चतुर्वेदी, जिला महासचिव संतोष पाल, कोषाध्यक्ष गिरीश गोयल, विनय अग्रवाल, मधुकर अरोड़ा, बलविंदर सिंह, सचिन चतुर्वेदी, अनूप यादव, यदुवीर यादव, रामसहाय यादव, राधा राठौर, रेनू गुप्ता, शीलू गुप्ता, जवाहरलाल अग्रवाल, जगदीश राठौर, मनीष भारद्वाज भी शामिल रहे।
_________________________________________
टीसा ने जीती अंडर-19 नॉर्थ ज़ोन बैडमिंटन चैंपियनशिप
आगरा, 12 अगस्त। देहरादून में आयोजित 'सीबीएसई क्लस्टर नॉर्थ ज़ोन बैडमिंटन चैंपियनशिप' 'द इंटरनेशनल स्कूल ऑफ आगरा' की बैडमिंटन टीम ने अपने नाम कर ली। पूरे टूर्नामेंट के दौरान टीम अजेय रही।
टीसा की इस खिताबी जीत में टीम की खिलाड़ी अदिति पॉल, पलक यादव और संघमित्रा गौतम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। द इंटरनेशनल स्कूल के बैडमिंटन कोच नंदी रावत ने बताया कि टीम ने नॉर्थ ज़ोन चैंपियनशिप में चैंपियन बनने के साथ ही सीबीएसई नेशनल चैंपियनशिप के लिए भी अपना स्थान पक्का कर लिया।
_________________________________________
भाजपा ने धनौली मंडल में निकाली तिरंगा यात्रा
आगरा, 12 अगस्त। भारतीय जनता पार्टी द्वारा धनौली मंडल में आयोजित तिरंगा यात्रा के दौरान नागरिकों से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान से जुड़ने तथा अपने घरों पर राष्ट्रध्वज फहराने का आग्रह किया गया।
इस अवसर पर प्रदेश सरकार की कैबिनेट मंत्री बेबी रानी मौर्य, भाजपा नेता उपेंद्र सिंह, नीरज परमार, मानवेंद्र सिंह तोमर, फोरन सिंह राठौड़, डॉ सुजान सिंह सहित पदाधिकारियों, क्षेत्रीय नागरिकों एवं स्कूली बच्चों ने भाग लिया। लोकेश कुमार ने यात्रा का स्वागत करते हुए वरिष्ठ जनों का सम्मान किया।
_________________________________________
छावनी में भी निकाली गई तिरंगा यात्रा
आगरा, 12 अगस्त। भारतीय जनता पार्टी छावनी परिषद मंडल द्वारा प्रतापपुरा स्थित रमाना मैरिज होम से तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा का शुभारंभ पूर्व सांसद प्रभु दयाल कठेरिया और मंडल प्रभारी अंजू गर्ग ने किया। जिसमें विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी, पूर्व सैनिक, खिलाड़ी, मातृशक्ति शामिल हुई। समापन सदर बाजार स्थित सेल्फी पॉइंट पर हुआ। विधायक डॉ जीएस धर्मेश ने शहीदों के परिवारीजनों को सम्मानित किया। तिरंगा यात्रा में कैंट बोर्ड के मनोनीत सदस्य राजेश गोयल, मंडल अध्यक्ष विजय कुमार, अशोक अग्रवाल, अनिल सान्याल, राजू, शम्मी दुबे, विमल वर्मा, सर्वोत्तम सिंह, बीके गुप्ता, विनोद बघेल, मुदित अग्रवाल, सुरेंद्र जैन, सुमित सक्सेना, सिंधु गुप्ता, रेखा गुप्ता, गुंजन अग्रवाल, नीतू सिंह, अनीता सान्याल, किशोर कुमार, संजीव कपूर, अरुण गुप्ता सम्मिलित हुए।
_________________________________________
सूरसदन से हरिपर्वत तक सड़क संकरी होने से छात्र-छात्राएं, मरीज, एंबुलेंस और व्यापारी परेशान, बेरिकेडिंग हटाने की मांग
आगरा, 12 अगस्त। मेट्रो ट्रेन परियोजना के द्वितीय चरण के तहत सूरसदन से हरिपर्वत चौराहे के बीच की गई बेरिकेडिंग को लेकर मानवाधिकार कार्यकर्ता एवं अधिवक्ता नरेश पारस ने सवाल उठाए हैं। उन्होंने मंडलायुक्त तथा जिलाधिकारी को प्रतिवेदन भेजकर बैरिकेडिंग तत्काल हटाने तथा यातायात व्यवस्था को सामान्य करने की मांग की है।
नरेश पारस का कहना है कि जब तक प्रभावित क्षेत्र में पेड़ों की कटाई/ट्रांसप्लांटेशन से संबंधित आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी नहीं हो जाती और सक्षम प्राधिकारी से अंतिम अनुमति प्राप्त नहीं होती, तब तक इतनी लंबी अवधि के लिए सार्वजनिक मार्ग को बेरिकेड कर नागरिकों को परेशानी में डालना गंभीर प्रशासनिक प्रश्न खड़ा करता है।
प्रतिवेदन में दावा किया गया है कि आगरा मेट्रो के इस हिस्से में प्रभावित पेड़ों को लेकर मामला सेंट्रल एम्पावर्ड कमेटी के समक्ष है और समिति द्वारा प्रभावित क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया जाना प्रस्तावित/अपेक्षित है। अंतिम वैधानिक निर्णय से पहले ही सार्वजनिक सड़क पर बड़े पैमाने पर बेरिकेडिंग कर यातायात को बाधित करना किस प्रशासनिक अनुमति और अधिकार के तहत किया गया है।
_________________________________________
Post a Comment
0 Comments