फिल्मी सीन: चोरों ने दौड़ाई कार, सात किमी तक पीछे-पीछे दौड़ी पुलिस, टायर में मारी गोली, महिला मित्र और कार छोड़ भागे
आगरा, 02 अगस्त। शहर में विगत दिवस कार चोरों और पुलिस के बीच फिल्मी सीन देखने को मिला। चोरों ने कार दौड़ाई तो पुलिस ने सात किलोमीटर तक पीछा किया और कार के टायर में गोली भी मार दी। चोर इसके बावजूद कार को दौड़ाते रहे और मौका लगते ही कार छोड़कर भाग निकले। पुलिस को कार में उनकी महिला मित्र मिली, जिसे पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस को शुक्रवार की दोपहर सूचना मिली थी कि वाहन चोरी गैंग का सरगना चोरी की कार से मथुरा होते हुए लखनऊ जा रहा है। इस पर पुलिस को आगरा लखनऊ एक्सप्रेस-वे के रहनकलां टोल पर अलर्ट कर दिया गया। इनर रिंड रोड रहनकलां टोल प्लाजा पर पुलिस पहुंची तब तक आरोपी टोल से आगे फतेहाबाद की ओर बढ़ गया।
यह देख फतेहाबाद टोल प्लाजा पर पुलिस लगा दी, टोल कर्मियों ने बैरियर गिरा दिए। इससे ट्रैफिक जाम हो गया। चोर ने पुलिस को देख कर कार में बैक गेयर डाल दिया और पांच सौ मीटर तक बैक कार चलाई। वह कार को दूसरी लेन पर ले गया और सात किलोमीटर तक कार दौड़ाई।
पीछा कर रही पुलिस ने कार के पहिये में गोली मार दी, पंक्चर होने के बाद भी चोर कार दौड़ाता रहा। रमाडा कट पर चोर कार से उतरकर अपने साथी के साथ भाग गया।
पुलिस ने कार की जांच की तो उसमें चोर की महिला मित्र मिली। पुलिस उसे थाने ले गई, पूछताछ के बाद उसे छोड़ दिया गया। गौरतलब है कि पिछले महीने जयपुर हाउस, कमला नगर में कोठियों के बाहर से लक्जरी कारें चोरी हुईं थीं। इसके खुलासे के लिए पुलिस की विशेष टीम गठित की गई थी।
____________________________________
.gif)
Post a Comment
0 Comments