‘आगरा मूव्स बेटर–2026’ को जन-आंदोलन बनाने का संकल्प
आगरा, 01 अगस्त। आगरा ऑर्थोपेडिक सोसायटी द्वारा शनिवार को खंदारी स्थित एक होटल में जन-स्वास्थ्य अभियान ‘आगरा मूव्स बेटर–2026’ का शुभारम्भ किया गया। इस अवसर पर अभियान के आधिकारिक पोस्टर का भी लोकार्पण किया गया।
अभियान का उद्देश्य हड्डियों, जोड़ों, मांसपेशियों और रीढ़ से संबंधित समस्याओं की रोकथाम, समय पर पहचान तथा वैज्ञानिक परामर्श के माध्यम से आगरा के नागरिकों को अधिक सक्रिय, सुरक्षित और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है।
अध्यक्ष डॉ. अतुल कुलश्रेष्ठ ने कहा कि स्वस्थ एवं सक्रिय नागरिक ही एक स्वस्थ और प्रगतिशील शहर की नींव होते हैं। सचिव डॉ. संजय चतुर्वेदी ने अभियान की कार्ययोजना प्रस्तुत करते हुए कहा कि ‘आगरा मूव्स बेटर–2026’ केवल स्वास्थ्य शिविरों की श्रृंखला नहीं, बल्कि चिकित्सा विशेषज्ञों, प्रशासन, पुलिस, सामाजिक संस्थाओं, शिक्षण संस्थानों, उद्योग जगत, मीडिया और नागरिकों की संयुक्त भागीदारी से चलाया जाने वाला जन-आंदोलन है।
परियोजना चेयरमैन डॉ. डी. वी. शर्मा के मार्गदर्शन में AOS के ऑर्थोपेडिक सर्जन अगस्त माह के दौरान पुलिसकर्मियों एवं उनके परिवारों, विद्यार्थियों, शिक्षकों, स्वास्थ्यकर्मियों, कार्यालय एवं औद्योगिक कर्मचारियों, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों और आवासीय समुदायों के लिए जागरूकता एवं स्वास्थ्य कार्यक्रम आयोजित करेंगे।
इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA), आगरा पुलिस, लायंस क्लब्स इंटरनेशनल, उत्तर प्रदेश ऑर्थोपेडिक एसोसिएशन (UPOA) तथा इंडियन ऑर्थोपेडिक एसोसिएशन (IOA) अभियान के प्रमुख संस्थापक सहयोगी हैं।
कार्यक्रम को संबोधित करने वालों में अजय भार्गव, सीनियर सिटीजन सोसायटी के अनुराग जैन; शांति सेना की वत्सला प्रभाकर; डॉ. करण रावत, सुनील खेत्रपाल तथा राममोहन कपूर शामिल रहे।
अभियान के तहत रविवार, 2 अगस्त को पुलिस लाइन में पुलिस परिवारों एवं महिला पुलिसकर्मियों के लिए ‘अस्थि एवं तंत्रिका स्वास्थ्य जाँच शिविर’ आयोजित किया जाएगा। इसमें BMD जाँच, पैरों की स्पर्श-संवेदना जाँच, चयनित लाभार्थियों की Vitamin-D जाँच तथा ऑस्टियोपोरोसिस, गठिया एवं तंत्रिका संबंधी समस्याओं पर विशेषज्ञ परामर्श निःशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा। यह कार्यक्रम आगरा पुलिस की ‘वामा सारथी’ योजना के सहयोग से आयोजित होगा।
अगस्त माह में विद्यालयों में ‘Grow Straight India’, कार्यालयों में ‘Posture India’, वरिष्ठ नागरिकों के लिए गिरने से बचाव, स्वास्थ्यकर्मियों के लिए कार्यस्थल एर्गोनॉमिक्स तथा विभिन्न समुदायों में हड्डी स्वास्थ्य, व्यायाम, पोषण और चोट से बचाव संबंधी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
बैठक में रोटरी की ओर से थान सिंह एवं अशोक टंडन, अधिवक्ता अखिलेश शर्मा तथा सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता अपूर्व शर्मा सहित विभिन्न सामाजिक, सामुदायिक एवं नागरिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
.gif)
Post a Comment
0 Comments