एक और वरिष्ठ क्रिकेटर ने उठाए यूपी टी20 प्रीमियर लीग की नीलामी पर सवाल
आगरा, 02 अगस्त। उत्तर प्रदेश प्रीमियर लीग के लिए शहर में पिछले दिनों हुई क्रिकेटरों की नीलामी को लेकर सवाल उठना बंद नहीं हुए हैं। वरिष्ठ क्रिकेटर नवीन गोस्वामी ने कहा कि उन्हें बताया गया है कि आगरा का एक खिलाड़ी, जो कुछ वर्ष पूर्व उत्तर प्रदेश की ओर से सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी की प्लेइंग इलेवन का हिस्सा रह चुका है, उसका नाम प्रारंभिक सूची में होने के बावजूद नीलामी के दौरान नहीं पुकारा गया। इसी प्रकार अंडर-23 बोर्ड ट्रॉफी खेल चुके एक अन्य खिलाड़ी को भी अवसर नहीं मिला। यदि यह सही है, तो चयन प्रक्रिया की पारदर्शिता पर प्रश्न उठना स्वाभाविक है।
उन्होंने कहा कि कुछ योग्य खिलाड़ियों को, जिनका राज्य एवं बीसीसीआई स्तर की प्रतियोगिताओं में प्रदर्शन रहा है, उचित अवसर नहीं मिला।
उन्होंने आरोप लगाया कि जिला क्रिकेट संघ के कुछ पदाधिकारियों की प्राथमिकताएँ स्थानीय खिलाड़ियों के व्यापक हितों के बजाय व्यक्तिगत हितों से प्रभावित रही हैं। संघ में खिलाड़ियों का प्रतिनिधित्व अत्यंत सीमित है और जिन पूर्व खिलाड़ियों को जिम्मेदारी दी गई है, वे भी स्थानीय प्रतिभाओं को अवसर दिलाने के बजाय अपने-अपने व्यक्तिगत उद्देश्यों पर अधिक ध्यान देते हैं। इन आरोपों की स्वतंत्र एवं निष्पक्ष जांच होना आवश्यक है।
उन्होंने कहा, यह भी बड़ा प्रश्न है कि क्या जिला क्रिकेट संघ ने आगरा के योग्य खिलाड़ियों को यूपी T20 लीग में अवसर दिलाने के लिए पर्याप्त प्रयास किए? यदि नहीं, तो इसके लिए जिम्मेदारी किसकी है? आगरा ने उत्तर प्रदेश क्रिकेट को अनेक प्रतिभाशाली खिलाड़ी दिए हैं। ऐसे में अपेक्षा की जाती है कि चयन प्रक्रिया पूर्णतः पारदर्शी हो, खिलाड़ियों के साथ समान व्यवहार हो तथा जिला क्रिकेट संघ व्यक्तिगत हितों से ऊपर उठकर केवल आगरा क्रिकेट और उसके खिलाड़ियों के विकास के लिए कार्य करे।
________________________________________
.gif)
Post a Comment
0 Comments