Agra News: खबरें आगरा की....

ताजगंज में नगर निगम की छापेमारी, स्पा-होटल से आपत्तिजनक सामग्री मिलने का दावा
आगरा, 31 अगस्त। पर्यटन क्षेत्र ताजगंज में रविवार को नगर निगम की टीम ने बड़ी कार्रवाई की। फतेहाबाद रोड स्थित ताज व्यू चौराहे के पास Luxe Body Spa और ज्योति पैलेस स्थित एक होटल में छापा मारा गया।
टीम के अचानक पहुंचने से हड़कंप मच गया। जांच के दौरान स्पा और होटल से आपत्तिजनक सामग्री, शराब की खाली बोतलें और नशीले पदार्थों के सेवन से जुड़ा सामान मिलने की बात सामने आई है।
नगर निगम ने स्वच्छता में लापरवाही पर ज्योति पैलेस परिसर पर 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया। वहीं नियमों के उल्लंघन पर एक शराब मॉडल शॉप पर 2500 रुपये का जुर्माना लगाया गया। अधिकारियों ने बताया कि मौके की रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। ताजगंज में बड़ी संख्या में पर्यटक आते हैं, इसलिए होटल और स्पा सेंटरों पर निगरानी बढ़ा दी गई है।
_______________________________________
मारुति रेजीडेंसी में लगी चित्रकला प्रदर्शनी
आगरा, 31 अगस्त। संस्कार भारती कला साधिका समिति द्वारा चित्रकला के रंग कान्हा के संग का आयोजन मारुति रेजीडेंसी सोसाइटी बोदला रोड़ पर किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ नीता गर्ग, मीना अग्रवाल द्वारा किया गया। संस्कार भारती के प्रांतीय महामंत्री नन्द नन्दन गर्ग ने चित्रकारी के रंग कान्हा के संग के कार्यक्रम की महत्ता को व्यक्त किया। 
निशेष अग्रवाल, ओ एस गर्ग ने पुरस्कार एवं प्रमाणपत्र वितरित किए। संचालन बबीता पाठक और धन्यवाद ज्ञापन उज्जवल बत्रा ने किया।
_______________________________________
जनकपुरी समिति ने नगर आयुक्त को बताईं समस्याएं और आवश्यक विकास कार्य 
आगरा, 31 अगस्त। जनकपुरी महोत्सव समिति ने नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य से भेंट कर क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं और आवश्यक विकास कार्यों से अवगत कराया।
इस दौरान नगर आयुक्त ने निगम के संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे जल्द से जल्द पूरे जनकपुरी क्षेत्र का भ्रमण कर आवश्यक विकास कार्यों का सर्वे करें और विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर प्राथमिकता के आधार पर कार्यों को तत्काल प्रभाव से शुरू कराएं।
बैठक एवं क्षेत्रीय निरीक्षण के दौरान नगर निगम की ओर से चीफ इंजीनियर लाइट अजय राम, चीफ टैक्स ऑफिसर शिवकुमार गौतम, सहायक नगर आयुक्त अशोक गौतम, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजीव वर्मा, अधिशासी अभियंता सिविल अरविंद श्रीवास्तव तथा जीएम जलकल कुमार गौरव सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। 
जनकपुरी आयोजन समिति के संतोष कटारा, संजय गोयल, मनोज बंसल, सुशील सिंह, पार्षद वेद प्रकाश गोस्वामी, स्वामीनाथ तिवारी, पंकज पाठक, साहूकार उपाध्याय उपस्थित रहे।
_______________________________________
स्वाइन फ्लू को लेकर आगरा अलर्ट, ताजमहल-फतेहपुर सीकरी पर पर्यटकों की स्क्रीनिंग शुरू
आगरा, 31 अगस्त। दिल्ली और लखनऊ में स्वाइन फ्लू (H1N1) के केस बढ़ने के बाद जिले में भी स्वास्थ्य विभाग अलर्ट पर है। पर्यटन नगरी होने के कारण ताजमहल और फतेहपुर सीकरी समेत प्रमुख स्थलों पर पर्यटकों की स्क्रीनिंग शुरू की गई है।
प्रभारी सीएमओ डॉ. अमित रावत ने एडवाइजरी का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए हैं।बविभाग ने टैमीफ्लू की 5,000 टैबलेट का ऑर्डर दिया है। नोडल अधिकारी डॉ. सुरेंद्र मोहन प्रजापति ने मीडिया को बताया कि एसएन मेडिकल कॉलेज और जिला अस्पताल में विशेष वार्ड आरक्षित किए गए हैं। सीएचसी डॉक्टरों को ऑनलाइन प्रशिक्षण दिया गया है। जिला अस्पताल और रैपिड रिस्पांस टीम के स्टाफ का वैक्सीनेशन पूरा हो चुका है।
विभाग ने स्पष्ट किया कि हर सर्दी-जुकाम वाले मरीज की जांच नहीं होगी, केवल गंभीर लक्षण वालों की ही H1N1 जांच की जाएगी। तेज बुखार, खांसी, सांस लेने में तकलीफ, सीने में दर्द और अत्यधिक कमजोरी इसके मुख्य लक्षण हैं। 10 साल से कम बच्चे, 70 साल से अधिक बुजुर्ग, गर्भवती महिलाएं और गंभीर बीमारियों से पीड़ित लोगों को ज्यादा सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
_______________________________________
डीईआई में संस्कृत सप्ताह महोत्सव संपन्न
आगरा, 31 अगस्त। दयालबाग एजुकेशनल इंस्टीट्यूट में 24 से 31 अगस्त तक आयोजित संस्कृत सप्ताह महोत्सव का समापन रविवार को हुआ। महोत्सव में गीत गायन, कथा-वाचन, चित्रकला और काव्य-कंठपाठ प्रतियोगिताओं में 70-80 विद्यार्थियों ने भाग लिया।
मुख्य वक्ता प्रो. विजय श्रीवास्तव, प्राचार्य आरबीएस कॉलेज ने कहा कि संस्कृत केवल भाषा नहीं, जीवन की शैली है जो मानव को दैवत्व की ओर ले जाती है। उन्होंने कहा कि संस्कृत अब रोजगार और कौशल विकास से भी जुड़ रही है। निदेशक प्रो. सी. पटवर्धन ने संस्कृत को स्किल आधारित नॉलेज सिस्टम बताया और एआई सॉफ्टवेयर 'सर्वम्' का परिचय कराया। कार्यक्रम में डीन प्रो. नीलू शर्मा, डॉ. अनीता, डॉ. पूजा सहित कई शिक्षक मौजूद रहे। अंत में विजेताओं को सम्मानित किया गया।
_______________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments