यूजीसी रेगुलेशन के विरोध में एत्मादपुर में बवाल, पुलिस से भिड़े प्रदर्शनकारी, हाईवे जाम कर इंस्पेक्टर के निलंबन की मांग
आगरा, 01 सितम्बर। यूजीसी के नए रेगुलेशन के विरोध में मंगलवार को एत्मादपुर में करणी सेना और सवर्ण समाज का प्रदर्शन उग्र हो गया। जुलूस को रोकने को लेकर पुलिस और प्रदर्शनकारियों में धक्का-मुक्की हुई, इसी दौरान इंस्पेक्टर क्राइम सत्य प्रकाश सड़क पर गिर गए। इसके बाद पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर डंडे चला दिए।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार सैकड़ों युवा जुलूस निकालकर एसडीएम को ज्ञापन देने जा रहे थे। करणी सेना के जिलाध्यक्ष शिवम राठौर का आरोप है कि जुलूस के लिए मार्ग तय था, बावजूद पुलिस ने कई जगहों पर रोकने की कोशिश की। इसी को लेकर कहासुनी और फिर धक्का-मुक्की शुरू हो गई। स्थिति देखते ही देखते झड़प में बदल गई।
हंगामे के बीच इंस्पेक्टर सत्य प्रकाश भीड़ में गिर पड़े। पुलिसकर्मी आक्रोशित हो गए और लाठियां चलाने लगे। हंगामा बढ़ता देख पुलिस इंस्पेक्टर को एक वकील के चैंबर में ले गई और अंदर बंद कर दिया। हालात काबू करने के लिए आसपास के थानों से अतिरिक्त फोर्स बुलाया गया।
पुलिस की कार्रवाई से नाराज प्रदर्शनकारी तहसील के पास नेशनल हाईवे पर धरने पर बैठ गए। हाईवे जाम होने से दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह ठप हो गया। भीषण गर्मी में राहगीरों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी।
अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई का आश्वासन दिया, तब जाकर प्रदर्शनकारी हाईवे से हटे। हाईवे से हटने के बाद प्रदर्शनकारी फिर तहसील पहुंचे और हनुमान चालीसा का पाठ कर इंस्पेक्टर के निलंबन की मांग पर अड़े रहे। अधिकारियों के आश्वासन के बाद देर शाम धरना समाप्त कर दिया गया।
_________________________________________

Post a Comment
0 Comments