शराबी पति ने पत्नी और दो मासूम बच्चों को रेलवे ट्रैक पर लिटाया, ट्रेन आने से पांच मिनट पहले पुलिस ने बचाई जान

आगरा, 31 अगस्त। थाना अछनेरा के अंतर्गत रायभा क्षेत्र में रविवार की देर रात घरेलू विवाद के बाद शराब के नशे में एक युवक ने अपनी पत्नी और दो मासूम बच्चों के साथ आत्महत्या की कोशिश की। वह तीनों को जबरन रेलवे ट्रैक पर लिटाकर ट्रेन का इंतजार करने लगा। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने महज पांच मिनट पहले परिवार को ट्रैक से हटाकर चारों की जान बचा ली।
घटना रायभा क्षेत्र के जानूथा गांव की है। निवासी वेदप्रकाश लोधी पुत्र भोलाराम (31) का रविवार की रात करीब 11 बजे अपनी पत्नी ममता से विवाद हो गया। आरोप है कि शराब के नशे में उसने पत्नी के साथ मारपीट की। इसके बाद वह पत्नी ममता, ढाई साल की बेटी संध्या और छह साल के बेटे प्रिंस को लेकर रायभा रेलवे स्टेशन पहुंच गया। स्टेशन के पास सुनसान जगह पर उसने पत्नी और दोनों बच्चों को जबरन रेलवे ट्रैक पर लिटा दिया और खुद भी उनके साथ पटरी पर लेट गया।
रात के अंधेरे में चार लोगों को ट्रैक पर लेटा देख आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने तुरंत यूपी-112 पीआरवी और थाने को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पीआरवी और थाना पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आनन-फानन में चारों को ट्रैक से खींचकर सुरक्षित बाहर निकाला। पुलिस के हटाने के करीब पांच मिनट बाद ही उसी ट्रैक से एक तेज रफ्तार ट्रेन गुजर गई। अगर पुलिस कुछ मिनट और देर करती तो बड़ा हादसा हो सकता था।
थाना प्रभारी विजय चंदेल ने मीडिया को बताया कि आरोपी वेदप्रकाश को हिरासत में लेकर उसका मेडिकल परीक्षण कराया गया है। मामले की जांच की जा रही है और घरेलू विवाद के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
______________________________________


ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments