Agra News: खबरें आगरा की...

आरोप: आईजीआरएस का दुरुपयोग कर रहे उपभोक्ता
आगरा, 25 अगस्त। आगरा मंडल व्यापार संगठन के कार्यालय पर एक बैठक आगरा स्वीट एंड नमकीन मैन्युफैक्चर  एसोसिएशन के अध्यक्ष राजकुमार भगत  के साथ आयोजित की गई।  
बैठक में राजकुमार भगत ने कहा कि आईजीआरएस पोर्टल उपभोक्ताओं के लिए फ़ूड सम्बंधित अल्टरेशन, ख़राब फ़ूड, (सडा गला, एक्सपायर फ़ूड सोल्ड) आदि के लिए सरकार ने बनाया है परन्तु कुछ उपभोक्ता अपने फायदे के लिए इस पोर्टल का अनावश्यक रूप से इस्तेमाल कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अधिकारियों को इन शिकायतों का निस्तारण समय रहते करना होता है लेकिन अधिकारीगण दवाब में उपभोक्ताओं की झूठी शिकायतों को जिसके विरुद्ध की गयी है उससे फैसला कर देते है इससे सभी दुकानदारों को काफी परेशानी उठानी पड़ती है और हमारी साख पर भी बट्टा लगता है।
व्यापार संगठन के पदादिकारियों ने इस समस्या का हल निकालने के लिए भविष्य में एक बैठक जिलाधिकारी और खाद्य विभाग के अधिकारियों के साथ रखने के लिए कहा। बैठक में गिरीश चंद गोयल, राजेश अग्रवाल, त्रिलोक चंद शर्मा, रिंकू अग्रवाल, राज कुमार अग्रवाल, राजकुमार भगत, निखिल अग्रवाल, नितिन अग्रवाल, सौरभ अग्रवाल, राजीव गुप्ता, अखिल बंसल, राजेश अग्रवाल, प्रदीप लूथरा, अशोक कुमार अग्रवाल, सचिन गर्ग एडवोकेट, अंकित पाठक मौजूद रहे ।
_________________________________________
पालीवाल पार्क में हरियाली का संकल्प
आगरा, 25 अगस्त। लायंस क्लब एमजेएफ कोहिनूर ने पालीवाल पार्क में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित कर पर्यावरण संरक्षण और शहर को हरा-भरा बनाने का संदेश दिया। 
अभियान के दौरान मौलश्री, अंकोल, अर्जुन, लाल सेमल और बरगद जैसे पर्यावरण के लिए उपयोगी पौधे लगाए गए। ये पौधे भविष्य में न केवल पार्क की सुंदरता बढ़ाएंगे, बल्कि स्वच्छ वायु, शीतल छाया और जैव विविधता के संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। क्लब की अध्यक्ष उषा अग्रवाल, सचिव सुषमा जैन और कोषाध्यक्ष नीलम अग्रवाल ने सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में क्लब की सदस्याओं मीना अग्रवाल, बबीता अग्रवाल, सीमा अग्रवाल, रानी अग्रवाल, रूबी जैन, रुचि अग्रवाल और बबली अग्रवाल की सक्रिय एवं उल्लेखनीय उपस्थिति रही।
_________________________________________
27 को ‘खेलो इंडिया संवाद—खेल की बात, प्रधानमंत्री के साथ’ में युवाओं से संवाद करेंगे नरेन्द्र मोदी, एस.एन. मेडिकल कॉलेज में होगा सीधा प्रसारण
आगरा, 25 अगस्त। राष्ट्रीय खेल दिवस-2026 के अवसर पर केंद्र सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के तत्वावधान में मेरा युवा भारत द्वारा देशव्यापी युवा सहभागिता कार्यक्रम ‘खेलो इंडिया संवाद—खेल की बात, प्रधानमंत्री के साथ’ का आयोजन 27 अगस्त को प्रातः 10 बजे से एस.एन. मेडिकल कॉलेज में किया जाएगा।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी देशभर के युवा खिलाड़ियों, उभरती खेल प्रतिभाओं, विद्यार्थियों तथा युवा नेतृत्वकर्ताओं से वर्चुअल माध्यम से संवाद करेंगे। कार्यक्रम देशभर के 1,500 से अधिक शैक्षणिक संस्थानों को एक साझा मंच से जोड़ते हुए आयोजित किया जाएगा। इसका उद्देश्य देश के युवाओं, खिलाड़ियों, शैक्षणिक संस्थानों तथा नीति-निर्माताओं को एक साथ लाकर भारत के खेल एवं युवा तंत्र के भविष्य पर सार्थक संवाद स्थापित करना है। कार्यक्रम में देश के विभिन्न क्षेत्रों से युवा प्रतिभागी खेलों, युवा नेतृत्व, कौशल, स्वयंसेवा तथा राष्ट्र निर्माण से जुड़े विषयों पर अपने विचार और सुझाव साझा करेंगे।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का वर्चुअल संबोधन होगा। प्रधानमंत्री देश के युवा खिलाड़ियों एवं युवाओं को संबोधित करते हुए खेलों में भारत की बढ़ती भूमिका, युवा शक्ति, नेतृत्व तथा विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भागीदारी पर संवाद करेंगे।
_________________________________________
एयरफोर्स और एयरपोर्ट पर 221 लोगों की बीएमडी स्क्रीनिंग
आगरा, 25 अगस्त। आगरा ऑर्थोपेडिक सोसायटी के जनस्वास्थ्य अभियान के अंतर्गत मंगलवार को भारतीय वायुसेना स्टेशन तथा खेरिया एयरपोर्ट पर हड्डियों एवं जोड़ों के स्वास्थ्य, कार्यस्थल एर्गोनॉमिक्स तथा जीवनरक्षक सीपीआर प्रशिक्षण से जुड़ा विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस अभियान के दौरान एयरफोर्स स्टेशन एवं आगरा एयरपोर्ट पर कुल 221 लोगों की बीएमडी स्क्रीनिंग की गई। स्क्रीनिंग आंकड़ों के प्रारंभिक विश्लेषण में लोगों में हड्डियों की घनता सामान्य से कम होने के संकेत मिले। दोनों स्थानों पर लगभग समान परिणाम इस ओर ध्यान आकर्षित करते हैं कि हड्डियों की सेहत को केवल वृद्धावस्था से जुड़ी समस्या मानना उचित नहीं है और कार्यशील आयु में भी बोन हेल्थ के प्रति जागरूकता आवश्यक है।
कार्यक्रम में डॉ. संजय चतुर्वेदी एवं कोषाध्यक्ष डॉ. संजीव वोहरा ने भी सहभागिता की।
_________________________________________


ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments