Agra News: खबरें आगरा की...

पुलिसकर्मियों एवं उनके परिवारों की निःशुल्क अस्थि एवं तंत्रिका स्वास्थ्य जाँच, जागरूक भी किया गया 
आगरा, 02 अगस्त। ऑर्थोपेडिक सोसायटी ने "आगरा मूव्स बेटर-2026" अभियान के अंतर्गत रविवार को पुलिस प्रशिक्षण केंद्र, पुलिस लाइन में पुलिसकर्मियों एवं उनके परिवारों के लिए निःशुल्क अस्थि एवं तंत्रिका स्वास्थ्य जाँच तथा मुद्रा-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया।
लगभग 200 पुलिसकर्मियों एवं उनके परिवारीजनों ने विभिन्न जाँचों, विशेषज्ञ परामर्श और स्वास्थ्य-जागरूकता सत्र का लाभ उठाया। एक सौ लाभार्थियों की एड़ी आधारित स्क्रीनिंग की गई। इसके अतिरिक्त पैरों की तंत्रिका एवं स्पर्श-संवेदना की जाँच की गई तथा आवश्यकता के आधार पर चयनित 60 लाभार्थियों की विटामिन डी जाँच निःशुल्क कराई गई। शिविर में पुलिसकर्मियों एवं उनके परिवारों के लिए सही मुद्रा और रीढ़ की सुरक्षा पर विशेष जागरूकता सत्र भी आयोजित किया गया। इसमें सही ढंग से बैठने एवं खड़े होने, मोबाइल और कंप्यूटर के सुरक्षित उपयोग, दैनिक व्यायाम तथा गर्दन और कमर दर्द से बचाव के सरल उपाय बताए गए। डॉ. नीरज एवं डॉ. विवेक, डॉ. डी. वी. शर्मा, डॉ. संजय चतुर्वेदी ने लाभार्थियों की जाँच कर व्यक्तिगत चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया। पुलिस हॉस्पिटल की डॉ. सुनीता उपेंद्र ने भी सहयोग दिया। 
_________________________________________
नवरंग भवन पर लगाया निःशुल्क चिकित्सा शिविर 
आगरा, 02 अगस्त। माधव मिलन संस्था एवं नेशनल मेडिकोज औरगेनाइजेशन द्वारा रविवार को मेडिकल शिविर नवरंग भवन रिंग रोड पर लगाया जिसमें 110 व्यक्तियों द्वारा इसमे लाभ प्राप्त किया गया।
शिविर में ब्लड शुगर, कोलस्ट्रोल, कैल्शियम, विटामिन डी आदि निशुल्क जाँच की गई। डॉ पवन गुप्ता डा अभिलाषा गुप्ता, डा राघवेंद्र दुबे, डॉ असीम गुप्ता, डॉ हरवीर, डा. हर्षित सैनी, डा हिमांशी सिंह ने सहयोग प्रदान किया। शिविर का उद्घाटन आलोक वर्मा ने किया। आलोक आर्या, अशोक अग्रवाल,  रवी गुप्ता, अजय तोशनीवाल, आलोक अग्रवाल, रवि गुप्ता, रवी शंकर अग्रवाल, अंकुश गुप्ता, निखिल अग्रवाल, पुष्किन बंसल,  धर्मेंद्र गर्ग ने व्यवस्था में सहयोग किया।
_________________________________________
खुले पंख परिवार ने अग्रवन गौशाला में की गौसेवा
आगरा, 02 अगस्त। खुले पंख परिवार द्वारा अग्रवन गौशाला में रविवार को अपनी पांचवीं गौसेवा का आयोजन किया गया। गौ माता को 1500 किलो ताज़ी सब्जी अर्पित की गई। 
इस अवसर पर अध्यक्ष आनंद जौहरी ने बताया कि 16 अगस्त को खुले पंख परिवार द्वारा "गौ माता सेवा" विषय पर आधारित रंग भरो प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम की शुरुआत गौ सेवा से होगी। इस अवसर पर राजकुमार जौहरी, योगेश जैन, निक्की जौहरी, अनुज मित्तल, आशु गोयल, तरंग सिंघल, अर्चना जैन, सुधांशु पचौरी, नरेश बंसल, अवधेश, विष्णु अग्रवाल, अंकित गोयल, रंजना, हार्दिक, अतुल, लव अग्रवाल, शरद, शालू उपाध्याय, सारंग, यश, गीता तिवारी, संतोष, अनूप, बंटू एवं राखी महेश उपस्थित रहे।
_________________________________________
कलश यात्रा के साथ बही श्रीराम कथा की रसधार
आगरा, 02 अगस्त। यमुना तट स्थित श्री महाकालेश्वर मंदिर, बूढ़ी का नगला, दयालबाग में रविवार को कलश यात्रा के साथ नौ दिवसीय सावन महोत्सव का शुभारंभ हुआ। प्रातः मंदिर में भगवान शिव का विधि-विधान से पूजन, रुद्राभिषेक एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ अनुष्ठान संपन्न हुआ। इसके उपरांत लाल परिधान धारण किए सिर पर कलश लेकर महिलाओं ने कलश यात्रा निकाली। कलश यात्रा में मनोहारी झांकियां श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहीं। 
इसके उपरांत कथा पांडाल में चित्रकूट धाम के सुप्रसिद्ध कथा व्यास पंडित विमलेश त्रिवेदी महाराज ने श्रीराम कथा के प्रथम दिवस श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि सावन मास भगवान शिव की आराधना का सर्वश्रेष्ठ काल है। यज्ञाचार्य पंडित सुनील शास्त्री ने बताया कि सावन महोत्सव के अंतर्गत प्रतिदिन प्रातः श्री महारुद्र यज्ञ, रुद्राभिषेक एवं विशेष पूजन तथा अपराह्न में श्रीराम कथा का आयोजन किया जाएगा। 
_________________________________________
आगरा की नीरू बंसल बनी राज्य समुचित प्राधिकारी
आगरा, 02 अगस्त। प्रदेश शासन द्वारा न्यू आगरा निवासी नीरू बंसल को राज्य समुचित प्राधिकारी नियुक्त किया गया है।
परिवार कल्याण विभाग के अंतर्गत राज्य समुचित प्राधिकरण प्रमुख निकाय है, जो कि गर्भाधान-पूर्व व प्रसव-पूर्व लिंग जांच व कन्या भ्रूण हत्या जैसी अवैध गतिविधियों को रोकने के लिए राज्य स्तर पर कार्य करता है तथा जिला स्तर के समुचित प्राधिकारियों के कार्यों की न केवल निगरानी रखता है, अपितु नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सीधी कार्यवाही का अधिकार रखता है।
नियुक्ति पर महापौर हेमलता दिवाकर, केंद्रीय राज्य मंत्री एसपी सिंह बघेल, विधायक पुरूषोत्तम खण्डेलवाल, पूर्व मंत्री उदयभान सिंह जी, पूर्व मंत्री डा राम बाबू हरित, श्याम भदौरिया ने शुभकामनाये दीं।
_________________________________________
युवाओं को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई
आगरा, 02 अगस्त। बल्केश्वर स्थित गणेश राम नगर सरस्वती बालिका विद्या मंदिर में रविवार को नशा मुक्त युवा, विकसित भारत अभियान के अंतर्गत विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से जिले के लगभग 350 युवाओं ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सीधे जुड़कर संवाद में सहभागिता की।
इस अवसर पर विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने युवाओं को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई। जिला युवा अधिकारी डॉ. श्रवण कुमार सहगल ने युवाओं को स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। 
_________________________________________




ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments