600 से अधिक लोगों ने ली अंगदान जागरूकता एवं सहभागिता की शपथ
आगरा, 13 अगस्त। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) की जिला शाखा द्वारा विश्व अंगदान दिवस पर गुरुवार को सूरसदन में अंगदान के प्रति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। विभिन्न विद्यालयों एवं संस्थानों से 600 से अधिक विद्यार्थी शामिल हुए। विद्यार्थियों को अंगदान की प्रक्रिया, इसकी आवश्यकता, इससे जुड़ी भ्रांतियों तथा अंगदान के माध्यम से किसी जरूरतमंद को नया जीवन देने की संभावनाओं के बारे में जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में आईएससीसीएम के अध्यक्ष डॉ. रणवीर त्यागी ने कहा कि अंगदान चिकित्सा विज्ञान से कहीं आगे बढ़कर मानवता की सेवा का माध्यम है। एक व्यक्ति के अंगदान से कई जरूरतमंद लोगों को नया जीवन मिल सकता है।
आईएमए के जिलाध्यक्ष डॉ. पंकज नगायच ने कहा कि संस्था का उद्देश्य अंगदान को केवल एक अभियान तक सीमित रखना नहीं, बल्कि इसे जन-आंदोलन बनाना है।
सचिव डॉ. रजनीश कुमार मिश्रा ने कहा कि मृत्यु के बाद भी किसी के जीवन में आशा बनना मानव जीवन की सबसे बड़ी सार्थकता हो सकती है।
डॉ. शैफाली मजूमदार ने नेत्रदान के महत्व पर लोगों को जागरूक किया। कार्यक्रम में विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल अध्यक्ष निर्वाचित डॉ. हरेंद्र गुप्ता, उपाध्यक्ष डॉ. सीमा सिंह, कोषाध्यक्ष डॉ. मुकेश भारद्वाज, संयुक्त सचिव डॉ. करण रावत एवं डॉ. मिहिर गुप्ता सहित डॉ. मुनीश्वर, डॉ. सुनील शर्मा, डॉ. पवन गुप्ता, डॉ. वीरेंद्र खंडेलवाल, डॉ. वाई.बी. अग्रवाल, डॉ. शम्मी कालरा, डॉ. सुनील अग्रवाल, डॉ. संजय गोयल सहित अनेक चिकित्सक भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में विभिन्न सामाजिक संस्थाओं एवं संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी सहभागिता की। इस दौरान अंगदान के साथ-साथ देहदान के लिए भी प्रेरणादायक घोषणाएँ सामने आईं।
__________________________________________
Post a Comment
0 Comments