ताजमहल पहुंचीं मिस टीन इंटरनेशनल 2026 की फाइनलिस्ट, संगमरमरी हुस्न देख बोलीं - इट्स वेरी ब्यूटीफुल
आगरा, 26 अगस्त। बुधवार को दुनिया के सात अजूबों में शुमार ताजमहल का नजारा कुछ और ही था। मिस टीन इंटरनेशनल 2026 में हिस्सा लेने के लिए 30 से ज्यादा देशों से आईं फाइनलिस्ट जब ताजमहल के दीदार के लिए पहुंचीं तो पूरा परिसर ग्लैमर से भर गया।
सुबह फाइनलिस्ट का दल पूर्वी गेट से ताज परिसर में दाखिल हुआ। सफेद संगमरमर के ताज को सामने देखते ही सभी के चेहरे पर खुशी और उत्साह साफ नजर आया। किसी ने ताज के साथ सेल्फी ली, तो किसी ने ताज को बैकग्राउंड में रखकर रील बनाई।
ताजमहल में फाइनलिस्ट करीब 30 मिनट तक रुकीं। इस दौरान प्रसिद्ध डायना बेंच उनके फोटोशूट का मुख्य आकर्षण बनी रही। प्रतिभागियों ने ग्रुप में और अकेले-अकेले डायना बेंच पर बैठकर पोज दिए। एक साथ इतनी विदेशी सुंदरियों को देखकर वहां मौजूद घरेलू और विदेशी पर्यटक भी काफी उत्साहित दिखे और उनके साथ सेल्फी लेने लगे। फाइनलिस्ट ने भी मुस्कुराकर सभी का अभिवादन किया।
फाइनलिस्ट ने कहा, "हमने बचपन से ताजमहल के बारे में सुना था। आज इसे सामने देखना सपने जैसा है। हमने कई देशों में ऐतिहासिक इमारतें देखी हैं, लेकिन ताजमहल जैसा अनुभव कहीं नहीं मिला। हर किसी को जीवन में एक बार ताजमहल जरूर देखना चाहिए।"
भ्रमण के दौरान फाइनलिस्ट ने ताजमहल के इतिहास में भी गहरी रुचि दिखाई। उन्होंने गाइड से शाहजहां और मुमताज की अमर प्रेम कहानी सुनी और मुगलकालीन वास्तुकला के बारे में जानकारी ली। संगमरमर पर रंग-बिरंगे पत्थरों से की गई बारीक पच्चीकारी (इनले वर्क) को देखकर वे दंग रह गईं और उसे कैमरे में कैद किया।
इस दौरान उनके साथ मिस टीन इंटरनेशनल 2025 की विजेता स्पेन की लोरेना रुइज भी मौजूद रहीं। दल में भारत, अमेरिका, मेक्सिको, स्पेन, फिलीपींस, कनाडा, कोलंबिया, फ्रांस, जर्मनी, नीदरलैंड्स, कंबोडिया समेत 30 से अधिक देशों की प्रतिभागियां शामिल थीं। सुरक्षा के मद्देनजर परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहा।
बता दें कि मिस टीन इंटरनेशनल 2026 का ग्रैंड फिनाले 30 अगस्त को जयपुर में होगा। इसमें 13 से 19 वर्ष की प्रतिभागियां हिस्सा ले रही हैं, जहां उनके आत्मविश्वास, प्रतिभा और व्यक्तित्व को परखा जाएगा।
________________________________________
Post a Comment
0 Comments