रक्षाबंधन व जन्माष्टमी पर रात्रि 11 बजे तक खुल सकेंगे बाजार
आगरा, 25 अगस्त। रक्षाबंधन और जन्माष्टमी पर बाजार रात्रि 11 बजे तक खुले रहेंगे। जिला वाणिज्य बंधु की मंगलवार को हुई बैठक में जिलाधिकारी मनीष बंसल ने इसकी सहमति दे दी। यह जानकारी व्यापार मंडल के उपाध्यक्ष जय पुरसनानी ने दी।
उन्होंने बताया कि कलक्ट्रेट सभागार में हुई बैठक में बताया गया कि शहर के बाजारों में प्रस्तावित दस वाहन पार्किंग में से तीन की प्रक्रिया पूरी होने जा रही है और शेष पर कार्य चल रहा है।
बैठक में व्यापार मंडल ने आगरा फोर्ट रेलवे स्टेशन के दरेसी नंबर एक और दो के गेट जनता के लिए खोले जाने की मांग की। व्यापारियों ने कहा कि सुभाष बाजार में हादसे के बाद 42 दिन बाद बीत जाने के पश्चात भी छज्जे का निर्माण नहीं हुआ है और पीड़ित दुकानदारों को नगर निगम द्वारा कोई स्थान नहीं दिया गया है।
बैठक में बताया गया कि नगला मागरोल की समस्या को दूर करने की जिम्मेदारी एक एजेंसी को दी गई है। संजय प्लेस पार्किंग पर जिलाधिकारी ने कहा कि दुकानदार खुद व्यवस्था करें। नामनेर से ईदगाह बस स्टैंड तक अतिक्रमण पर जिलाधिकारी ने एसीपी को आदेश दिए कि पुलिस देखे दुबारा अतिक्रमण न हो। पुरानी मंडी से शाहजहां पार्क तक डिवाइडर लगाने के लिए एसीपी ट्रैफिक से रिपोर्ट देने के लिए कहा।
बैठक में भावना स्टेट पर होर्डिंग हटाने के लिए आगरा विकास प्राधिकरण को कहा गया। बोदला से बिचपुरी से लोहामंडी के मध्य डीवीवीएनएल के खंभे को साइड से करने के लिए कहा गया। हींग की मंडी में शौचालय के निर्माण के लिए जिलाधिकारी ने नगर निगम से कहा गया।
बैठक में एडीएम सिटी यमुनाधर चौहान एडीएम वित्त एवं राजस्व, संदीप कुमार वर्मा, अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार, एडीए से एमके सिंह, नरेंद्र कुमार, एसीपी ट्रैफिक अमित कुमार सिंह व टॉरेंट पावर से विमर्श पंडित उपस्थित रहे। आगरा व्यापार मंडल से जय पुरसनानी, कन्हैया लाल राठौड़, राजीव गुप्ता उपस्थित रहे।
_______________________________________
Post a Comment
0 Comments