टीईटी परीक्षा देकर आगरा से फिरोजाबाद लौट रही महिला की मौत, बाइक सवार दंपत्ति को तेज रफ्तार ट्रक ने मारी टक्कर

आगरा, 02 जुलाई। एत्मादपुर थाना क्षेत्र में आगरा-कानपुर राजमार्ग पर गुरुवार की दोपहर हुए सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई और उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया। महिला टीईटी परीक्षा देकर पति के साथ बाइक से घर लौट रही थी। हादसा सचिन ड्रीम्स कॉलोनी के सामने बुढ़िया के ताल के पास हुआ। पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। 
खबरों के अनुसार, फिरोजाबाद जिले के थाना कोटला क्षेत्र के गांव लतीपुर निवासी 38 वर्षीय प्रिया चतुर्वेदी अपने पति 40 वर्षीय मोहित चतुर्वेदी के साथ आगरा के देव कॉलेज में आयोजित टीईटी परीक्षा देकर बाइक से घर लौट रही थीं। दोपहर करीब दो बजे जब उनकी बाइक एत्मादपुर क्षेत्र में आगरा-कानपुर हाईवे पर सचिन ड्रीम्स कॉलोनी के सामने पहुंची, तभी पीछे से आए एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर से प्रिया चतुर्वेदी सड़क पर गिर गईं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। बाइक चला रहे उनके पति मोहित चतुर्वेदी गंभीर रूप से घायल हो गए। 
सूचना मिलते ही एत्मादपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल मोहित चतुर्वेदी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र एत्मादपुर में भर्ती कराया। चिकित्सकों के अनुसार उनके सिर, हाथ और पैरों में चोटें आई हैं। फिलहाल उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
मोहित चतुर्वेदी जम्मू में जीआरपी में कांस्टेबल पद पर तैनात हैं। वह छुट्टी लेकर अपने गांव आए थे और पत्नी को टीईटी परीक्षा दिलाने के लिए आगरा लेकर आए थे। परीक्षा समाप्त होने के बाद दोनों घर लौट रहे थे। रास्ते में यह हादसा हो गया।
प्रिया चतुर्वेदी अपने पीछे तीन वर्ष और एक वर्ष की दो मासूम बेटियों को छोड़ गई हैं। एत्मादपुर थाना पुलिस ने मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और फरार ट्रक व उसके चालक की पहचान का प्रयास किया जा रहा है।
________________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments