नामी कंपनी की नकली दवा का निर्माण, भंडारण और बिक्री करने वाला माफिया गिरफ्तार

आगरा, 18 जुलाई। नकली दवाओं के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने कथित दवा माफिया सुरेंद्र गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया है। उस पर नामी कंपनी की नकली ‘ऑक्साल्जिन डीपी’ दवा का निर्माण, भंडारण और बिक्री करने का आरोप है। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी भी कर रही है।
खबरों के अनुसार, औषधि विभाग को लंबे समय से शहर में नकली दवाओं के निर्माण और सप्लाई की शिकायतें मिल रही थीं। जांच के दौरान सामने आया कि बाजार में एक प्रतिष्ठित कंपनी के नाम से नकली ‘ऑक्साल्जिन डीपी’ दवा तैयार कर उसे बेचा जा रहा था। इसके बाद औषधि निरीक्षक ने पूरे मामले की जांच कर कोतवाली थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी। साक्ष्यों और तकनीकी जानकारी के आधार पर पुलिस ने मुख्य आरोपी सुरेंद्र गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी लंबे समय से नकली दवाओं के कारोबार से जुड़ा हुआ था और उसके नेटवर्क की जांच की जा रही है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि गिरोह बाजार में नकली दवाओं की सप्लाई कर लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ कर रहा था। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि यह सिंडिकेट कितने समय से सक्रिय था और अब तक कितनी मात्रा में नकली दवाएं बाजार में पहुंचाई जा चुकी हैं।
कोतवाली पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा कर सकती है।
_________________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments