सीनियर हॉकी कोच एवं पूर्व क्रीड़ाधिकारी कौशलेंद्र पाल सिंह का निधन, आगरा हॉकी संघ ने जताया शोक

आगरा, 18 जुलाई। सीनियर हॉकी कोच एवं पूर्व क्रीड़ाधिकारी कौशलेंद्र पाल सिंह का बीती रात बरेली में निधन हो गया। वे लगभग 66 वर्ष के थे। शनिवार शाम को ताजगंज स्थित श्मशानघाट पर शोकाकुल वातावरण में उनकी अंत्येष्टि कर दी गई। आगरा हॉकी संघ ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया।
कौशलेंद्र पाल सिंह फिरोजाबाद जिला क्रीड़ाधिकारी के पद से सेवानिवृत हुए थे। इसके पश्चात आगरा में ही रह रहे थे। ब्रेन हेमरेज होने के पश्चात वे इस बीमारी से उबर ही नहीं पाये। परिजन उन्हें आगरा से बरेली ले गये थे। वहीं उपचार चल रहा था। कौशलेंद्र सिंह के पिता स्वर्गीय हेतमपाल सिंह आरबीएस इंटर कालेज में शिक्षक थे। कौशलेंद्र सिंह ने अपने पीछे धर्मपत्नी और बेटी को छोड़ा है। उनके बड़े भाई और वरिष्ठ क्रिकेटर धर्मेंद्र पाल सिंह मुन्ना आगरा में ही निवास करते हैं।
कौशलेंद्र सिंह हाकी के शानदार खिलाड़ी और कोच रहे। उनके सिखाये खिलाड़ी भारतीय हाकी टीम तक पहुंचे थे। उन्होंने अपनी शिक्षा आरबीएस कालेज से प्राप्त की थी। उन्होंने संतोष ट्रॉफी में यू पी टीम का प्रतिनिधित्व भी किया, उस टीम ने इतिहास रचते हुए केरल नेशनल चैंपियनशिप में क्वार्टर फ़ाइनल में प्रवेश किया। उन्होंने एमपीएड करने के पश्चात आगरा विश्वविद्यालय में बीपीएड के लेक्चरर के रूप में कुछ समय कार्य किया।
उसके पश्चात उत्तर प्रदेश के खेल विभाग में उप क्रीड़ाधिकारी के पद पर ज्वाइन किया। वहां जिला क्रीड़ाधिकारी के पद से से रिटायर हुए। कौशलेंद्र सिंह जब यूपी सब-जूनियर हाकी टीम के कोच थे तो यूपी की टीम ने सब-जूनियर नेशनल में दो बार स्वर्ण पदक जीता था।
उनके निधन पर आगरा के हाकी प्रेमियों में शोक की लहर व्याप्त है। आगरा हॉकी संघ की आपातकालीन बैठक में कौशलेंद्र पाल सिंह के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए इसे आगरा के लिए अपूरणीय क्षति बताया गया। बैठक में आगरा हॉकी के अध्यक्ष कमल चौधरी, सचिव संजय गौतम, उपाध्यक्ष संजय तिवारी, तपेश शर्मा, प्रमोद गिरी, संयुक्त सचिव शाहिद अंसारी, मीनाक्षी घिल्डियाल, मुकेश अग्रवाल, संध्या पंडित, एन के बिंदु, प्रिया शर्मा, प्रशांत शुक्ला, अमित सक्सेना, पूजा, आरती, अशोक यादव आदि ने शोक जताया।
क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी संजय शर्मा, जिला ओलिंपिक संघ के अध्यक्ष डॉ हरि सिंह यादव, वरिष्ठ हॉकी खिलाड़ी शैलेश कुमार सिंह, डॉ जयशंकर यादव, फिरोज खान, वीरेंद्र सिंह बॉबी, राजीव सोई, अमिताभ गौतम, धर्मेंद्र बघेल, गौरव रौतेला, कुलदीप सिरोही, अजय सिंह राजपूत, पूर्व क्रीड़ाधिकारी एस एस चौहान, उमेश अग्रवाल, बल्देव भटनागर, रामानंद चौहान, पूर्व आरएसओ अजय सेठी, हरदीप सिंह हीरा ने भी उनके निधन को खेल जगत के लिए बड़ी क्षति बताया।
_______________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments