दुस्साहस: चोरों ने थाना हरिपर्वत के बगल में तीन दुकानों के ताले तोड़े, लाखों की चोरी

आगरा, 26 जुलाई। हरिपर्वत चौराहे पर स्थित अखिलेश टावर में शनिवार की देर रात चोरों ने तीन दुकानों के ताले तोड़ दिए। थाना बराबर में होने के बावजूद चोरों के यह दुस्साहस दिखाया। खास बात यह रही कि चोरों ने वारदात को ऐसे समय में अंजाम दिया, जब प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शहर रात्रि प्रवास पर थे और पुलिस अतिरिक्त सतर्कता बरत रही थी।
रविवार की सुबह साढ़े दस बजे करीब क्लीनिक और मेडिकल स्टोर खोलने पहुंचे चिकित्सकों और दुकानदारों को वारदात के बारे में जानकारी हुई। राज पुरोहित इंटरप्राइजेज के मालिक डॉ. एमपी सिंह और बालाजी मेडिकल स्टोर के मालिक समेत अन्य दुकानों के लोग वहां पहुंचे तो ताले टूटे मिले। चोरों ने दुकानों के अंदर तिजोरी तोड़ने का प्रयास किया था। 
थाने के बराबर में अखिलेश टावर में होटल सालीटियर के नीचे दवाओं की मार्केट है। इस मार्केट में एक दर्जन से अधिक दुकान हैं। मार्केट में बालाजी मेडिकल स्टोर, राज पुरोहित इंटरप्राइजेज भी हैं।
थाने के बराबर में चोरों के दुस्साहस की जानकारी होने पर मार्केट के लोगों में आक्रोश फैल गया। उनका कहना था कि मार्केट में बीस वर्ष में पहली बार इस तरह की घटना हुई।
आगरा व्यापार मंडल के वरिष्ठ उपाध्यक्ष और मीडिया प्रभारी जय पुरसनानी ने बताया कि चार चोरों की टोली ने एक दुकान से एक लाख 75 हजार रुपये नकद और दूसरी से 38 हजार नकद और करीब चार लाख रुपये कीमत का सामान चुरा लिया। उन्होंने घटना की जानकारी डीसीपी सिटी सैय्यद अब्बास अली को दी। उन्होंने आश्वासन दिया जल्द से जल्द चोर पकड़े जाएंगे।
_________________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments