महिलाओं पर अभद्र टिप्पणी करने वाले यूट्यूबर बाबू गप्पी के खिलाफ एफआईआर दर्ज

आगरा, 03 जुलाई। सोशल मीडिया पर महिलाओं के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाला वीडियो पोस्ट करना एक यूट्यूबर को भारी पड़ गया। यहां साइबर क्राइम थाने में यूट्यूबर बाबू गप्पी उर्फ भोला गुर्जर के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर तकनीकी जांच शुरू कर दी है। उधर मामला बढ़ने पर यू ट्यूबर बाबू गप्पी ने एक वीडियो जारी कर माफी मांग ली है। 
पुलिस के अनुसार सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रसारित एक वीडियो में यूट्यूबर बाबू गप्पी द्वारा महिलाओं के निजी अंगों को लेकर कथित रूप से अश्लील और आपत्तिजनक टिप्पणियां की गई थीं। वीडियो वायरल होने के बाद इसे लेकर कई संगठनों ने कड़ी आपत्ति जताई और संबंधित अधिकारियों से कार्रवाई की मांग की। राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ बबिता चौहान ने भी इस मामले का संज्ञान लेकर पुलिस को कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए थे।
शिकायत प्राप्त होने पर साइबर क्राइम थाना पुलिस ने यूट्यूबर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली। वीडियो की तकनीकी जांच शुरू कर दी गई है। साइबर क्राइम थाना पुलिस आरोपी यूट्यूबर की तलाश में जुटी है और उसके डिजिटल अकाउंट, सोशल मीडिया गतिविधियों तथा अन्य तकनीकी साक्ष्यों का परीक्षण किया जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया पर महिलाओं के सम्मान के खिलाफ आपत्तिजनक, अश्लील या भड़काऊ सामग्री प्रसारित करने वालों के विरुद्ध भविष्य में भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि सोशल मीडिया का जिम्मेदारी के साथ उपयोग करें और किसी भी आपत्तिजनक सामग्री की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
उधर बाबू गप्पी ने एक वीडियो जारी कर पुलिस, प्रशासन और आम जनता से माफी मांगी है। उसका कहना है कि वह लोगों को हंसाने वाले वीडियो बनाता है, लेकिन उसके वीडियो से जो भावनाएं आहत हुई हैं, उसके लिए माफी चाहता है।
________________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments