दो और लोगों के खिलाफ सोशल मीडिया में अश्लील और अभद्र कंटेंट प्रसारित करने का मुकदमा दर्ज
आगरा, 04 जुलाई। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अश्लील और अभद्र कंटेंट प्रसारित किए जाने के मामले में साइबर क्राइम थाना पुलिस ने दो और लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
गौरतलब है कि एक दिन पहले ही पुलिस ने महिलाओं के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करने पर बाबू गप्पी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, शिकायतकर्ता दीपक बाबू ने साइबर क्राइम थाने में तहरीर देकर प्रकाश और पीयूष के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने वीडियो के लिंक सहित अन्य डिजिटल साक्ष्य भी पुलिस को उपलब्ध कराए हैं।
शिकायत के अनुसार, प्रकाश कुमार पर इंस्टाग्राम पर 'पुनीत सुपर स्टार' नाम से आपत्तिजनक वीडियो पोस्ट करने का आरोप है। वहीं पीयूष मल्होत्रा पर फेसबुक और इंस्टाग्राम के माध्यम से अश्लील और अभद्र कंटेंट प्रसारित करने का आरोप लगाया गया है। आरोप है कि सोशल मीडिया पर अधिक लाइक्स, व्यूज, फॉलोअर्स और आर्थिक लाभ प्राप्त करने के उद्देश्य से जानबूझकर अश्लील और आपत्तिजनक सामग्री तैयार कर वायरल की जा रही थी।
शिकायतकर्ता का कहना है कि ऐसे वीडियो में इस्तेमाल की जा रही अश्लील भाषा और गाली-गलौज का बच्चों, युवाओं और महिलाओं पर नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है। शिकायत में यह भी दावा किया गया है कि इस संबंध में पहले भी शिकायत की गई थी, लेकिन कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद दोबारा डिजिटल साक्ष्यों के साथ शिकायत दर्ज कराई गई।
साइबर क्राइम थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अब उपलब्ध कराए गए वीडियो लिंक, सोशल मीडिया अकाउंट्स और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की तकनीकी जांच कर रही है।
__________________________________________
Post a Comment
0 Comments