पुलिस में पहुंच और एडीएम का स्टेनो बताकर 1.19 लाख रुपये ऐंठे, दुकान की सील खुलवाने का दिया झांसा

आगरा, 04 जुलाई। एक सील दुकान खुलवाने के लिए सरकारी अधिकारियों से पहचान होने का झांसा देकर पीड़ित से लाखों रुपये की ऐंठ लिए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर थाना सदर बाजार पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, पीड़ित को आर्यन नामक युवक ने खुद को पुलिस लाइन का ठेकेदार बताया, जबकि उसके साथी राजा ने स्वयं को एडीएम का स्टेनो बताया और शहीदनगर स्थित सील दुकान खुलवाने का झांसा देकर उससे करीब 1.19 लाख रुपये ऐंठ लिए। आरोपियों ने भरोसा दिलाया कि उनकी प्रशासन और पुलिस के उच्च अधिकारियों तक सीधी पहुंच है और वे आसानी से सील दुकान खुलवा सकते हैं। 
पीड़ित का आरोप है कि भरोसा दिलाने के बाद आरोपियों ने 1.50 लाख रुपये की मांग की और पहले 50 हजार रुपये नकद ले लिए। इसके बाद यूपीआई के माध्यम से अलग-अलग किस्तों में 29,002 रुपये अपने खाते में ट्रांसफर कराए। बाद में 40 हजार रुपये नकद भी ले लिए। इस तरह करीब 1.19 लाख रुपये वसूल लिए गए।
जब लंबे समय तक दुकान नहीं खुली और आरोपी टालमटोल करने लगे, तो पीड़ित को ठगी का एहसास हुआ। पीड़ित ने होटल में हुई बातचीत का वीडियो भी बनाया, जिसे पुलिस को सौंप दिया। 
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपियों के साथ हुई कॉल रिकॉर्डिंग में धमकी और गाली-गलौज भी की गई। इतना ही नहीं, आरोपी लगातार पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से नजदीकी होने की धौंस देकर दबाव बनाते रहे।
पीड़ित के मुताबिक, बाद में खुद को एडीएम का स्टेनो बताने वाले व्यक्ति ने स्वीकार किया कि वह किसी अधिकारी का स्टेनो नहीं है। इसके बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ।
पीड़ित की तहरीर पर थाना सदर बाजार में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है। आरोपियों की तलाश भी की जा रही है।
______________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments