Agra News: खबरें आगरा की......

शराब के नशे में विद्युत ट्रांसफार्मर पर चढ़ गया युवक
आगरा, 04 जुलाई। थाना डौकी क्षेत्र के चमरपुरा गांव में शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब शराब के नशे में धुत एक युवक गांव के बाहर लगे विद्युत ट्रांसफार्मर पर चढ़ गया। किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता था, लेकिन पुलिस की त्वरित कार्रवाई ने युवक की जान बचा ली।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, गांव निवासी नरेंद्र शराब के नशे में ट्रांसफार्मर पर चढ़ गया। ग्रामीणों ने जब उसे ऊंचाई पर खड़े देखा तो घबराकर तत्काल डौकी थाना पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष सुनीत शर्मा और वरिष्ठ उपनिरीक्षक देवेंद्र सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने सबसे पहले बिजली विभाग के अधिकारियों से संपर्क किया और तत्काल क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बंद कराई, ताकि करंट लगने का खतरा पूरी तरह खत्म किया जा सके।
बिजली बंद होने के बाद भी युवक तुरंत नीचे उतरने को तैयार नहीं हुआ। पुलिस अधिकारियों ने धैर्य और सूझबूझ का परिचय देते हुए काफी देर तक समझाया-बुझाया। आखिरकार युवक पुलिस की बात मान गया और सुरक्षित नीचे उतर आया। पुलिस ने युवक की हालत सामान्य होने के बाद उसे उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
_________________________________________
मासिक नि:शुल्क चिकित्सा शिविर
आगरा, 04 जुलाई। माधव मिलन एवं नेशनल मेडिकोज ऑर्गेनाइजेशन के सहयोग से मासिक नि:शुल्क चिकित्सा शिविर रविवार 05 जुलाई को विभव विलास अपार्टमेंट पुरानी विजय नगर कॉलोनी में प्रातः 08:30 बजे से लगाया जाएगा। शिविर के संयोजक आलोक आर्या ने बताया कि शिविर में ब्लड शुगर, कौलस्ट्रोल, कैलशियम, यूरिक एसिड की हड्डी एव नसों की जाँच नि:शुल्क की जायेगी। 
चिकित्सा शिविर में फिजिशियन, हड्डी, दांत, स्त्री रोग, विशेषज्ञ डॉक्टर उपस्थित रहेंगे।
_________________________________________
सेंट पीटर्स ओल्ड बॉयज की तैराकी प्रतियोगिता 
आगरा, 04 जुलाई। सेंट पीटर्स कॉलेज ओल्ड बॉयज एसोसिएशन द्वारा पूर्व छात्रों के लिये प्रति वर्ष आयोजित की जाने वाली वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिताओं के अन्तर्गत तैराकी प्रतियोगिता 05 जुलाई रविवार को सेंट पीटर्स कॉलेज के तरणताल पर आयोजित होगी।
आयोजन सचिव डॉ. पराग गौतम और सचिव भारत महाजन के अनुसार, मुख्य अतिथि स्कूल के प्रबंधक फ़ादर इग्नेशियस मिरांडा व विशिष्ट अतिथि पूर्व छात्र भगवान दास करमचंदानी और उप प्रधानाचार्य फादर लुईस होंगे। प्रतियोगिता तीन वर्गों सुपरलिजेंड्स, लीजेंड्स और स्टार्स में आयोजित की जाएगी। इसमें वर्ष 1987 से 2021 तक के 30 पूर्व छात्र प्रतिभाग करेंगे। प्रतियोगिता का उद्घाटन प्रातः 10 बजे व समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह दोपहर 1:30 बजे होगा।
_________________________________________


ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments