एमजी रोड पर कल सोमवार से ट्रैफिक का नया प्लान लागू, रॉन्ग साइड चलने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई, दिल्ली गेट से हरिपर्वत की ओर चारपहिया वाहनों पर रोक

आगरा, 05 जुलाई। जिला कलक्ट्रेट के निकट रावली मंदिर क्षेत्र में चल रहे मेट्रो ट्रैक निर्माण कार्य के बीच एमजी रोड पर बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस और प्रशासन ने सोमवार छह जुलाई से विशेष यातायात प्रबंधन योजना लागू करने का फैसला किया है। सुबह स्कूल खुलने से लेकर छुट्टी होने तक पूरे मार्ग पर अतिरिक्त पुलिस टीमें तैनात रहेंगी, ताकि कहीं भी जाम की स्थिति न बनने पाए।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, विशेष यातायात प्रबंधन के तहत एमजी रोड पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, स्कूलों के बाहर विशेष निगरानी और रॉन्ग साइड चलने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं, सीएम ग्रिड योजना के तहत दिल्ली गेट क्षेत्र में सड़क निर्माण के चलते दिल्ली गेट से हरीपर्वत की ओर चारपहिया वाहनों की एंट्री बंद कर दी गई है। यातायात को नियंत्रित करने के लिए चौराहे पर बैरिकेडिंग कर दी गई है।
नई व्यवस्था के अनुसार बाबू गुलाबराय मार्ग से मदिया कटरा जाने वाले चारपहिया वाहनों को अब आरबीएस मार्ग होकर अपने गंतव्य तक जाना होगा। वहीं हरीपर्वत से दिल्ली गेट की ओर जाने वाले वाहन स्पीड कलर लैब के सामने वाले मार्ग का उपयोग करेंगे।
एमजी रोड पर एसबीआई चौराहे से साई की तकिया तथा पुष्पक हलवाई तक विशेष चेकिंग अभियान चलाया जाएगा। रॉन्ग साइड वाहन चलाने वालों के खिलाफ तत्काल चालान और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। 
_________________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments