ट्रांसपोर्ट नगर पुल के नीचे खड़ी कई बसें सीज, यातायात पुलिस ने चलाया अभियान

आगरा, 05 जुलाई। जिलाधिकारी मनीष बंसल के निर्देशों के क्रम में यातायात पुलिस ने रविवार को ट्रांसपोर्ट नगर पुल के नीचे सड़क घेरकर खड़ी बसों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान कई बसों को सीज किया गया, जबकि अन्य वाहन चालकों को कड़ी चेतावनी दी गई। 
हाईवे और प्रमुख मार्गों पर अनधिकृत स्थानों पर रोडवेज एवं अन्य बसों के रुकने से लगातार जाम की स्थिति बनने की शिकायत लम्बे समय से की जा रही थी। हाल ही में यह मुद्दा जिलाधिकारी के समक्ष भी उठाया गया था, जिसके बाद उन्होंने सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए थे।
ट्रांसपोर्ट नगर पुल के नीचे कई बसें लंबे समय से सड़क किनारे खड़ी होकर सवारियां चढ़ा-उतार रही थीं। इससे न केवल यातायात बाधित हो रहा था, बल्कि दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती थी। अभियान के दौरान ट्रैफिक पुलिस ने अवैध रूप से खड़ी बसों को हटवाया और नियमों का उल्लंघन करने वाली कई बसों को सीज कर दिया।
यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए रोडवेज प्रशासन ने भी बस संचालन को लेकर नई गाइडलाइन जारी की है। इसके तहत भगवान टॉकीज, वाटर वर्क्स, रामबाग और यमुना किनारा सहित चिन्हित नो पार्किंग जोन में बसों के रुकने पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया गया है। नई व्यवस्था के अनुसार अब बस चालक बीच रास्ते सवारियां चढ़ाने या उतारने के लिए बस नहीं रोक सकेंगे। सभी रोडवेज बसों को निर्धारित बस स्टैंड पर ही यात्रियों को चढ़ाने और उतारने के निर्देश दिए गए हैं। नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों और संबंधित वाहनों के खिलाफ सीधे कार्रवाई की जाएगी।
यातायात निरीक्षक संजीव गौतम का कहना है कि शहर में अवैध पार्किंग और अनधिकृत बस ठहराव के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। ट्रैफिक पुलिस और रोडवेज प्रशासन संयुक्त रूप से निगरानी करेंगे।
_______________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments