बैंककर्मी घर में ताला लगाकर बाजार गया, पीछे से चोरों ने कर दी आठ लाख की जेवर-नकदी साफ
आगरा, 02 जुलाई। थाना खंदौली क्षेत्र में बैंककर्मी के सूने मकान से दिनदहाड़े करीब आठ लाख रुपये के जेवरात और नकदी चोरी कर लिए गए। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों का पता लगाने में जुटी है।
खबरों के अनुसार, पीलीपोखर स्थित श्याम कमल एन्क्लेव निवासी अभिषेक नागर एक्सिस बैंक में कार्यरत हैं। वे विगत 29 जून को अपनी मां के साथ घर में ताला लगाकर बाजार गए थे। दोपहर करीब तीन बजे जब दोनों वापस लौटे तो मुख्य दरवाजा खुला मिला। अंदर प्रवेश करते ही पूरा सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था। अलमारियां खंगाली जा चुकी थीं और घर में रखे कीमती जेवरात व नकदी गायब थी। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में हड़कंप मच गया और आसपास के लोग भी मौके पर एकत्र हो गए।
पीड़ित अभिषेक नागर के अनुसार चोर घर से सोने की चेन, पेंडेंट, दो अंगूठियां, मंगलसूत्र, कानों के टॉप्स, बाली, पांच नोज पिन सहित कई कीमती आभूषण ले गए।
इसके अलावा चांदी की पायल, चूड़ियां, करधनी, चांदी के सिक्के, बच्चों के कंगन तथा करीब सात हजार रुपये नकद भी चोरी कर लिए गए। चोरी गए सामान की कुल कीमत लगभग आठ लाख रुपये बताई गई है।
घटना के बाद सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में दो संदिग्ध युवक घर के आसपास घूमते और आते-जाते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस फुटेज के आधार पर दोनों की पहचान करने में जुटी है। इसके साथ ही आसपास लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग भी खंगाली जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
_______________________________________
Post a Comment
0 Comments