दो सगी बहनें तालाब में डूबीं, भाई को ग्रामीणों ने बचाया

आगरा, 29 जुलाई। थाना जगनेर क्षेत्र के गांव बरिगवां खुर्द में बुधवार को तालाब में डूबने से दो सगी बहनों की मौत हो गई, जबकि उनके भाई को ग्रामीणों ने समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, गांव बरिगवां खुर्द निवासी मुरारी के तीन बच्चे कपिल, पूनम और ट्विंकल बुधवार सुबह करीब सात बजे घर से लगभग दो सौ मीटर दूर स्थित तालाब के पास पशुओं को चराने गए थे। इसी दौरान पूनम का पैर तालाब के किनारे फिसल गया और वह गहरे पानी व दलदल में चली गई। बहन को बचाने के प्रयास में ट्विंकल भी तालाब में उतर गई, लेकिन वह भी दलदल में फंसकर डूब गई। दोनों बहनों को डूबता देख भाई कपिल ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन वह भी पानी में फंस गया। 
शोर सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने कपिल को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इसके बाद काफी प्रयास के बाद ग्रामीणों ने दोनों बहनों 12 वर्षीय पूनम और 8 वर्षीय टिंकल के शव तालाब से बाहर निकाले। 
सूचना पर थाना जगनेर पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों के शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। दोनों बच्चियों की मौत से परिवार में कोहराम मच गया।
________________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments