आगरा, 29 जुलाई। फायर ब्रिगेड को बुधवार की सुबह नुनिहाई रेलवे लाइन पर मालगाड़ी में आग की सूचना पर दौड़ लगानी पड़ी। तीन दमकलें तुरंत मौके पर पहुंच गईं। वहां पहुंचकर पता लगा कि आग मालगाड़ी में नहीं बल्कि रेलवे लाइन के निकट स्थित एक ट्रांसपोर्ट कंपनी के गोदाम में लगी थी। आग भीषण थी और दमकलों को उसे काबू करने में करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत करनी पड़ी। आग में लाखों रुपये के सामान की क्षति होने का अनुमान है।
आग सुबह करीब साढ़े सात बजे नुनिहाई स्थित सिक्किम लॉजिस्टिक सर्विस के गोदाम में लगी। यह गोदाम नवलगंज में बीएसए कंपनी के पीछे बताया गया है। कंपनी के संचालक स्वामी चावला ने बताया कि सुबह आसपास के लोगों ने गोदाम में धुआँ उठते देखा तो संचालक को खबर की। सिकंदरा निवासी संचालक स्वामी चावला ने आने के बाद फायर ब्रिगेड को सूचना दी। इस बीच गोदाम का शटर बंद होने से क्षेत्रीय निवासी कुछ मदद नहीं कर सके।
अग्निशमन विभाग संजय प्लेस के अग्निशमन अधिकारी सोमदत्त सोनकर ने बताया कि गोदाम के रेलवे लाइन के नजदीक होने के कारण किसी ने मालगाड़ी में आग लगने की सूचना दी थी। इस पर तीन दमकलों के साथ वह स्वयं मौके पर पहुंच गए। 
वहां पहुंचकर पता चला कि आग मालगाड़ी में नहीं बल्कि लॉजिस्टिक गोदाम में लगी है। दमकलकर्मियों ने शटर तोड़कर गोदाम में प्रवेश किया और डेढ़ घंटे के अथक प्रयास से आग पर काबू पाया।
बताया गया है कि आग गोदाम में खड़े टेंपो में किसी कारण लगी और शीघ्र ही उसने पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया। कंपनी संचालक स्वामी चावला का कहना है कि इस अग्निकांड में बीस से पच्चीस लाख रुपये का नुकसान हुआ। गोदाम में परचून, जूते, जनरेटर पीतल का सामान और विभिन्न पार्ट्स रखे हुए थे जो आग की भेंट चढ़ गए।
अग्निशमन अधिकारी सोमदत्त सोनकर ने बताया कि टेम्पो में सीएनजी सिलेंडर भी लगा था, दमकल कर्मियों ने उसे फटने से बचा लिया। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
__________________________________________